रायपुर से रीवा के लिए पहली बार उड़ान सेवा शुरू, 17 मार्च से सप्ताह में तीन दिन चलेगी फ्लाइट

रायपुर। छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के बीच हवाई संपर्क को मजबूत करते हुए रायपुर से रीवा के लिए पहली बार सीधी फ्लाइट सेवा शुरू होने जा रही है। यह नई उड़ान सेवा 17 मार्च 2026 से शुरू होगी और सप्ताह में तीन दिन संचालित की जाएगी।
इस नई सेवा से रायपुर और रीवा के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। अब तक इस रूट पर सीधी हवाई सेवा उपलब्ध नहीं थी, जिसके कारण यात्रियों को लंबी सड़क या रेल यात्रा करनी पड़ती थी।
जानकारी के अनुसार, इस फ्लाइट के लिए ऑनलाइन टिकट बुकिंग शुरू कर दी गई है। रायपुर से रीवा के लिए शुरुआती किराया करीब 3614 रुपये रखा गया है, जबकि अधिकतम किराया लगभग 4293 रुपये तक हो सकता है।

ऐसा रहेगा फ्लाइट का शेड्यूल
एयरलाइन के शेड्यूल के मुताबिक विमान दिल्ली से उड़ान भरकर दोपहर 12:30 बजे रायपुर पहुंचेगा। इसके बाद विमान दोपहर 3:15 बजे रायपुर से रीवा के लिए रवाना होगा और शाम 4:15 बजे रीवा पहुंचेगा।
वापसी में यह विमान शाम 5 बजे रीवा से उड़ान भरेगा और 6:15 बजे रायपुर पहुंचेगा। इसके बाद यह फ्लाइट रायपुर से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेगी।

72 सीटर विमान से होगी सेवा
इस रूट पर 72 सीटों वाले विमान का संचालन किया जाएगा। यात्रियों की संख्या और मांग के अनुसार फ्लाइट के संचालन का विस्तार भी किया जा सकता है।
नई हवाई सेवा शुरू होने से छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के बीच पर्यटन, व्यापार और आवागमन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। साथ ही दोनों राज्यों के लोगों के लिए यात्रा और भी आसान हो जाएगी।