सफाई व्यवस्था पर निगम सख्त, स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष गायत्री चंद्राकर ने किया निरीक्षण
रायपुर । नगर पालिक निगम रायपुर की महापौर मीनल चौबे के निर्देश पर नगर निगम स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष गायत्री सुनील चंद्राकर ने निगम जोन क्रमांक-8 क्षेत्र अंतर्गत टाटीबंध तालाब और आसपास की बस्ती क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उनके साथ जोन-8 के जोन स्वास्थ्य अधिकारी गोपीचंद देवांगन तथा स्वच्छता निरीक्षक रितेश झा भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष ने तालाब क्षेत्र और बस्ती में सफाई व्यवस्था की स्थल पर समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने टाटीबंध तालाब की नियमित सफाई कराने, कचरा उठाने और तालाब क्षेत्र की स्वच्छता व सौंदर्य बनाए रखने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।
साथ ही उन्होंने नगर निगम जोन-8 के स्वास्थ्य विभाग को स्थानीय रहवासियों के बीच स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए सघन जनजागरण अभियान शीघ्र प्रारंभ करने को कहा, ताकि क्षेत्र को साफ-सुथरा और सुंदर बनाए रखा जा सके।
उन्होंने कहा कि तालाब और आसपास के क्षेत्रों की स्वच्छता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है और नगर निगम इसके लिए निरंतर प्रयास कर रहा है।
