शक्ति बाला वेलफेयर फाउंडेशन का उरकुरा में एक माह का प्रशिक्षण शिविर संपन्न
रायपुर । महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में शक्ति बाला वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा उरकुरा क्षेत्र में एक माह का सिलाई प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण शिविर 2 फरवरी 2026 से 2 मार्च 2026 तक संचालित हुआ।

फाउंडेशन की अध्यक्ष श्वेता ठाकुर के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ना और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना रहा।
एक महीने तक चले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में क्षेत्र की कई महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को कपड़ों की कटिंग, सिलाई, डिजाइनिंग और छोटे स्तर पर स्वरोजगार शुरू करने से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को यह संदेश भी दिया गया कि वे अपने कौशल के बल पर आत्मनिर्भर बन सकती हैं और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत कर सकती हैं।
फाउंडेशन की अध्यक्ष श्वेता ठाकुर ने बताया कि संस्था लगातार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कार्य कर रही है। इसी कड़ी में अप्रैल माह में रायपुर के गो गांव में भी सिलाई प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें।
उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर उन्हें स्वावलंबी बनाना है, जिससे वे समाज में अपनी मजबूत पहचान बना सकें।
