छत्तीसगढ़ के 7 राज्य प्रशासनिक सेवा अधिकारियों को मिला आईएएस में प्रमोशन, केंद्र ने जारी की अधिसूचना
रायपुर।
छत्तीसगढ़ राज्य प्रशासनिक सेवा (State Civil Service) के सात वरिष्ठ अधिकारियों को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में पदोन्नत किए जाने की औपचारिक घोषणा कर दी गई है। केंद्र सरकार के कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय के अधीन कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) द्वारा जारी गजट अधिसूचना में इन अधिकारियों के नाम शामिल किए गए हैं।
यह पदोन्नति वर्ष 2024 की चयन सूची के अंतर्गत की गई है। जारी अधिसूचना के अनुसार भारतीय प्रशासनिक सेवा (भर्ती) नियम, 1954 तथा भारतीय प्रशासनिक सेवा (नियुक्ति द्वारा पदोन्नति) विनियम, 1955 के प्रावधानों के तहत राष्ट्रपति की स्वीकृति के बाद इन अधिकारियों को आईएएस कैडर में नियुक्त किया गया है।
बताया गया है कि 1 जनवरी 2024 से 31 दिसंबर 2024 के बीच उत्पन्न रिक्तियों के विरुद्ध इन अधिकारियों का चयन किया गया है। चयन प्रक्रिया संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की अनुशंसा और संबंधित औपचारिकताओं के बाद पूरी की गई।
आईएएस में पदोन्नत किए गए अधिकारी
- तीरथराज अग्रवाल
- लीना कोसम
- सौमिल रंजन चौबे
- बीरेंद्र बहादुर पंचभाई
- सुमित अग्रवाल
- संदीप कुमार अग्रवाल
- आशीष कुमार तिकारिहा
इन अधिकारियों की पदोन्नति को राज्य प्रशासनिक तंत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। आईएएस में नियुक्ति के बाद इन्हें वरिष्ठ प्रशासनिक जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।
