शुभारंभ फाउंडेशन के 31 महिला सम्मान समारोह की तैयारियाँ तेज, वर्णिका शर्मा को सौंपा आमंत्रण
रायपुर।
शुभारंभ फाउंडेशन, रायपुर द्वारा मकर संक्रांति के पावन अवसर पर आयोजित किए जा रहे “31 महिला सम्मान समारोह” की तैयारियाँ तेज हो गई हैं। इसी क्रम में आज संस्था के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रस्तावित श्रीमती वर्णिका शर्मा जी से भेंट कर उन्हें समारोह में शामिल होने के लिए औपचारिक रूप से आमंत्रित किया।
संस्था प्रतिनिधियों ने श्रीमती शर्मा को कार्यक्रम की रूपरेखा, उद्देश्य और महिला सम्मान समारोह की सामाजिक सोच से अवगत कराया। इस अवसर पर उन्होंने आयोजन के उद्देश्य की सराहना करते हुए सकारात्मक प्रतिक्रिया दी।

उल्लेखनीय है कि शुभारंभ फाउंडेशन द्वारा यह भव्य आयोजन 16 जनवरी 2026 (शुक्रवार) को वृंदावन हॉल, सिविल लाइन, रायपुर में दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक आयोजित किया जाएगा। समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 31 महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में श्रीमती चंद्रकांता गोलछा एवं श्रीमती शुमा शुक्ला की उपस्थिति प्रस्तावित है, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. ईला गुप्ता और सुप्री मंजुषा संत अपने विचार रखेंगी।
संस्था की अध्यक्ष श्रीमती रीमा कटंकार, सचिव श्रीमती अरुणा यादव एवं कोषाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण लाहोटी ने बताया कि यह आयोजन महिलाओं के सम्मान, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सशक्तिकरण को समर्पित है।
आयोजकों ने शहरवासियों से अपील की है कि वे इस सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में उपस्थित होकर महिलाओं के सम्मान को नई गरिमा प्रदान करें।
