बीरगांव: SLRM सेंटर उरला में गीले कचरे से खाद निर्माण, स्वच्छता दीदियों ने किया श्रमदान
बीरगांव।
नगर पालिक निगम बीरगांव द्वारा स्वच्छता और कचरा प्रबंधन को सुदृढ़ बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में निगम आयुक्त श्री युगल किशोर उर्वशा के मार्गदर्शन में उरला स्थित SLRM (ठोस एवं तरल संसाधन प्रबंधन) सेंटर में गीले कचरे से खाद निर्माण का कार्य किया जा रहा है। इस अभियान में स्वच्छता दीदियों ने उत्साहपूर्वक श्रमदान कर अपनी सक्रिय सहभागिता निभाई।
नगर निगम द्वारा गीले कचरे के वैज्ञानिक प्रसंस्करण के माध्यम से उसे उपयोगी खाद में परिवर्तित किया जा रहा है, जिससे कचरे की मात्रा में कमी आने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिल रहा है। यह खाद भविष्य में उद्यानों, हरित क्षेत्रों एवं कृषि उपयोग में लाई जाएगी।
इस अवसर पर आयुक्त श्री युगल किशोर उर्वशा ने स्वच्छता दीदियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाए रखने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि निगम द्वारा आगे भी ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से स्वच्छता अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
इस पहल से न केवल कचरा प्रबंधन व्यवस्था सुदृढ़ हो रही है, बल्कि नागरिकों में भी स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ रही है। नगर पालिक निगम बीरगांव स्वच्छ बीरगांव के लक्ष्य को लेकर निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।
