महाराजा अग्रसेन इंटरनेशनल कॉलेज की रेंजर उर्वशी पांडेय ने राज्यपाल पुरस्कार परीक्षा उत्तीर्ण कर बढ़ाया कॉलेज का गौरव

रायपुर | विशेष रिपोर्ट

भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ राज्य द्वारा अभनपुर विकासखंड के ग्राम झांकी में दिनांक 17 अगस्त से 21 अगस्त 2025 तक आयोजित राज्यपाल पुरस्कार परीक्षा में महाराजा अग्रसेन इंटरनेशनल कॉलेज की रेंजर उर्वशी पांडेय ने सफलता प्राप्त कर कॉलेज एवं जिले का नाम गौरवान्वित किया है।

इस राज्य स्तरीय परीक्षा में छत्तीसगढ़ के लगभग 500 रोवर–रेंजर विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिनमें से महाराजा अग्रसेन इंटरनेशनल कॉलेज के तीन विद्यार्थियों ने सहभागिता की। इनमें रेंजर उर्वशी पांडेय ने परीक्षा को सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की।

यह सफलता कॉलेज के चेयरमेन श्री रमेश अग्रवाल, पूर्व चेयरमेन श्री राजेश अग्रवाल एवं सचिव श्रीमती सरिता अग्रवाल के कुशल मार्गदर्शन एवं सतत प्रेरणा का परिणाम है। राज्यपाल पुरस्कार परीक्षा भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की सर्वोच्च परीक्षाओं में से एक मानी जाती है, जिसमें सेवा, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, साहस, शारीरिक दक्षता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे गुणों का गहन मूल्यांकन किया जाता है।

रेंजर उर्वशी पांडेय ने अपने कठिन परिश्रम, अनुशासन एवं समर्पण के बल पर यह उपलब्धि अर्जित की। उनकी इस सफलता पर कॉलेज की प्राचार्य डॉ. जैस्मीन जोशी एवं उप-प्राचार्य डॉ. श्वेता तिवारी ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं और इसे महाविद्यालय के लिए गर्व का विषय बताया।

इसके अतिरिक्त रोवर–रेंजर इंचार्ज श्री अभिजीत चक्रवर्ती, रोवर लीडर डॉ. डिग्री लाल पटेल, श्री गोपी राम सोनकर सहित महाविद्यालय परिवार के सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने रेंजर उर्वशी पांडेय को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि उनकी यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी स्काउट–गाइड गतिविधियों से जुड़कर राष्ट्र एवं समाज सेवा के लिए प्रेरित करेगी।