भिलाई नगर निगम ने सिंगल यूज़ प्लास्टिक निषेध को लेकर निकाली जन-जागरूकता रैली

भिलाई।

नगर निगम भिलाई द्वारा सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग पर रोक को लेकर जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। यह रैली नगर निगम आयुक्त श्री राजीव कुमार पांडेय के मार्गदर्शन एवं स्वास्थ्य अधिकारी श्री जावेद अली के नेतृत्व में जोन-02 अंतर्गत वार्ड क्रमांक 20, गोल बाज़ार, वैशाली नगर क्षेत्र में निकाली गई।

रैली के दौरान ‘प्लास्टिक दानव’ की थीम के माध्यम से दुकानदारों एवं आम नागरिकों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक से होने वाले पर्यावरणीय दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। साथ ही कागज, जूट एवं कपड़े से बने पर्यावरण अनुकूल थैलों के उपयोग को अपनाने हेतु प्रेरित किया गया।

अभियान के अंतर्गत सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग करते पाए गए दुकानदारों पर स्वच्छता निरीक्षक श्री अंजनी सिंह द्वारा चालानी कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त, बाजार में आए ग्राहकों को इको-फ्रेंडली बैग वितरित कर वैकल्पिक थैलों के उपयोग के प्रति जागरूक किया गया।

इस अवसर पर जोन स्वास्थ्य अधिकारी श्री शंकर साहनी, स्वच्छता निरीक्षक श्री अंजनी सिंह, सुपरवाइजर श्री अरविंद दुबे, मितान समिति की टीम सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।