नगर पालिक निगम बीरगांव के मणी कंचन केंद्र में बनाया जा रहा है सिटी कंपोस्ट
बीरगांव।
नगर पालिक निगम बीरगांव द्वारा स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए घर-घर कचरा संग्रहण, सोर्स सेग्रीगेशन तथा वेस्ट प्रोसेसिंग के कार्य निरंतर संचालित किए जा रहे हैं। आयुक्त श्री युगल किशोर उर्वशा द्वारा नियमित मॉर्निंग विजिट कर कचरा संग्रहण एवं विभाजन की प्रक्रिया का निरीक्षण किया जाता है। स्वच्छता दिदियाँ ई-रिक्शा, हाथ रिक्शा एवं टिप्पर वाहनों के माध्यम से डोर-टू-डोर जाकर कचरा संग्रहण करती हैं तथा नागरिकों से गीला एवं सूखा कचरा अलग-अलग देने की अपील करती रहती हैं, ताकि “स्वच्छ बीरगांव” के लक्ष्य को पूरा किया जा सके।
घर-घर से संग्रहित कचरे को आगे प्रोसेसिंग हेतु नगर निगम के 8 मणी कंचन केंद्रों में भेजा जाता है। यहाँ स्वच्छता दिदियों द्वारा कचरे को विभिन्न श्रेणियों में विभाजित किया जाता है। सूखे कचरे को अलग कर रीसाइक्लिंग हेतु कबाड़ियों को दिया जाता है, वहीं गीले कचरे को मणी कंचन केंद्र स्थित SLRM पीट में प्रोसेस कर सिटी कंपोस्ट बनाया जाता है।
SLRM सेंटर रावभाठा का निरीक्षण आयुक्त श्री युगल किशोर उर्वशा, नोडल अधिकारी श्री डी. एल. देवांगन, स्वास्थ्य अधिकारी श्री कमल नारायण जंघेल, स्वच्छता निरीक्षक श्री राजेश क्षत्रिय एवं जिला समन्वयक PIU श्री विकास कुमार जांगड़े द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्वच्छता दिदियों को सिटी कंपोस्ट तैयार करने की विस्तृत जानकारी प्रदान की तथा सम्पूर्ण प्रोसेसिंग प्रणाली का अवलोकन किया।
नगर पालिक निगम बीरगांव द्वारा कचरा प्रबंधन की यह सतत प्रक्रिया स्वच्छता अभियान को एक नई दिशा प्रदान कर रही है तथा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
