“वाटरशेड़ महोत्सव: जल–भूमि संरक्षण को जनभागीदारी से गति, रील में 50 हजार और फोटोग्राफी में 1 हजार का पुरस्कार”

रायपुर, 28 नवंबर 2025/ भारत सरकार के भूमि संसाधन विभाग एवं राज्य सरकार के संयुक्त तत्वावधान में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना (WDC-PMKSY 2.0) जलग्रहण विकास घटक अंतर्गत वाटरशेड महोत्सव का आयोजन 19 नवंबर से 19 दिसंबर 2025 तक परियोजना स्तर पर किया जा रहा है। महोत्सव का उद्देश्य जल संरक्षण, मिट्टी संरक्षण एवं स्थायी कृषि प्रणालियों को बढ़ावा देना है।
महोत्सव के तहत आयोजित सोशल मीडिया प्रतियोगिता में प्रतिभागियों के लिए आकर्षक पुरस्कार रखे गए हैं। प्रतियोगिता में चयनित 05 रील विजेताओं को 50-50 हजार रुपए तथा 100 फोटोग्राफी विजेताओं को 1-1 हजार रुपए प्रदान किए जाएंगे।
रील चयन में हेतु 02 रील WDC-PMKSY 1.0 एवं 2.0 के जल संचयन संरचनाओं पर, 02 रील अन्य केंद्र/राज्य योजनाओं के तहत निर्मित जल संरचनाओं पर तथा 01 रील बागवानी/कृषि वानिकी गतिविधियों पर आधारित होगी।
प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के इच्छुक प्रतिभागी 31 दिसंबर 2025 तक विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। प्रतिभागियों को 30–60 सेकंड की रील अथवा कैप्शन सहित फोटो तैयार कर जल संरक्षण संरचनाएं चेकडैम, स्टॉपडैम, नाला बंधान, डबरी, सामुदायिक तालाब, लूज बोल्डर, गेबियन आदि या बागवानी एवं कृषि वानिकी गतिविधियां प्रदर्शित करनी होंगी।
निर्धारित हैशटैग का उपयोग अनिवार्य
सामग्री सोशल मीडिया पर पोस्ट करते समय प्रतिभागियों को
#WDC-PMKSY-WatershedMahotsav2025, #Watershedmahotsavindia, #Watershedmahotsavchhattisgarh हैशटैग शामिल करना होगा।
प्रतिभागी को https://wdcpmksy.dolr.gov.in/registerMahotsav पोर्टल पर पोस्ट करना होगा। पंजीयन के दौरान प्रतिभागियों को अपने सोशल मीडिया पोस्ट का लिंक भी अपलोड करना होगा, जिसके बाद उन्हें सफल पंजीकरण का ई-मेल प्राप्त होगा।
31 जनवरी 2026 तक स्क्रीनशॉट जमा करना होगा। प्रतियोगिता समाप्ति के बाद प्रतिभागी अपने पोस्ट के रिच, व्यू, इंगेजमेंट, लाइक एवं कमेंट का स्क्रीनशॉट 31 जनवरी 2026 शाम 6 बजे तक पोर्टल पर अपलोड करेंगे। प्रतियोगिता से संबंधित सभी विवरण विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।