1 नवंबर को पीएम मोदी करेंगे नवा रायपुर में नई विधानसभा भवन का उद्घाटन
रायपुर।
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1 नवंबर को छत्तीसगढ़ प्रवास पर आएंगे। इस दौरान वे नवा रायपुर में नव-निर्मित विधानसभा भवन का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद विधानसभा का शीतकालीन सत्र इसी नए भवन में आयोजित होगा।
आज विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा की अध्यक्षता में नई विधानसभा भवन की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में मुख्य सचिव अमिताभ जैन सहित लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

52 एकड़ में फैली आधुनिक तकनीक से युक्त नई विधानसभा
नवा रायपुर में मंत्रालय और सचिवालय के बीच 52 एकड़ में नई विधानसभा का निर्माण किया गया है। यह भवन पूरी तरह आधुनिक तकनीक से सुसज्जित है। इसमें प्रत्येक सदस्य के सामने टैबलेट की व्यवस्था की गई है, जिसके माध्यम से प्रश्नों और उत्तरों को देखा जा सकेगा।
200 सीटों की व्यवस्था
वर्तमान विधानसभा में 90 सीटें हैं, जबकि नई विधानसभा में 200 सदस्यों के बैठने की व्यवस्था की गई है। इसका उद्देश्य भविष्य में परिसीमन के बाद सदस्यों की संख्या बढ़ने की संभावना को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त स्थान सुनिश्चित करना है।
तेज रफ्तार से तैयारियां
नई विधानसभा भवन में फर्नीचर, पेंटिंग और अन्य अंतिम कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर उन्हें उद्घाटन कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया था, जिसे प्रधानमंत्री कार्यालय ने स्वीकार कर लिया है। इसके बाद स्वागत और कार्यक्रम की तैयारियां जोर-शोर से शुरू कर दी गई हैं।
