नगर निगम रायपुर ने दी भावभीनी विदाई, अपर आयुक्त राजेन्द्र गुप्ता और सेवानिवृत्त कर्मचारी वृंदावन पटेल हुए सम्मानित

रायपुर। नगर पालिक निगम रायपुर के महात्मा गांधी सदन स्थित सभागार में बुधवार को एक गरिमामय समारोह आयोजित किया गया, जिसमें नगर निगम के अपर आयुक्त श्री राजेन्द्र गुप्ता को छत्तीसगढ़ शासन द्वारा मुंगेली जिले में अपर कलेक्टर के रूप में नवीन पदस्थापना पर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। कार्यक्रम में महापौर श्रीमती मीनल चौबे, सभापति श्री सूर्यकांत राठौड़ और आयुक्त श्री विश्वदीप की उपस्थिति में श्री गुप्ता को शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

अपर आयुक्त श्री राजेन्द्र गुप्ता ने 27 फरवरी 2024 से अब तक रायपुर नगर निगम में अपनी सेवाएं दीं। इस दौरान उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन, राजस्व विभाग समेत निगम की कई महत्वपूर्ण शाखाओं में कार्यों को गति प्रदान की। अपने संबोधन में उन्होंने महापौर, सभापति, आयुक्त सहित निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों को सहयोग एवं मार्गदर्शन के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने नगर निगम की टीम के कार्यों की सराहना करते हुए विशेष रूप से स्वच्छता टीम और राजस्व विभाग के योगदान को रेखांकित किया।

कार्यक्रम के दौरान निगम में परिचालक पद पर अपनी सेवाएं देकर सेवानिवृत्त हुए कर्मचारी श्री वृंदावन पटेल को भी मंच पर सम्मानित किया गया। महापौर, सभापति और आयुक्त ने श्री पटेल की निष्ठा और सेवाभाव की सराहना करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

अपर आयुक्त स्वास्थ्य श्री विनोद पाण्डेय ने श्री राजेन्द्र गुप्ता के कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व और सतत प्रयासों से रायपुर शहर को स्वच्छ भारत मिशन की राष्ट्रीय रैंकिंग में चौथा स्थान मिला, साथ ही रायपुर छत्तीसगढ़ का पहला 7-स्टार सिटी बना।

कार्यक्रम का संचालन एवं अंत में आभार प्रदर्शन भी श्री विनोद पाण्डेय ने किया। इस अवसर पर निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण, जोन कमिश्नर, अभियंता, कर्मचारीगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।