शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाला आरोपी बिलासपुर से गिरफ्तार

दुर्ग। इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती कर युवती को शादी का झांसा देने वाले युवक को पुलिस ने बिलासपुर जिले के तखतपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पकरिया निवासी करण यादव के रूप में हुई है।

जामुल थाना क्षेत्र की एक युवती ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने प्रेम और विवाह का वादा कर उसके साथ कई बार जबरन शारीरिक संबंध बनाए। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान मोबाइल लोकेशन के जरिए पुलिस को आरोपी के तखतपुर स्थित घर में होने की सूचना मिली। इसके बाद शनिवार सुबह पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया। उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पीड़िता ने अपने बयान में बताया कि साल 2024 में सोशल मीडिया के जरिए उसकी आरोपी से पहचान हुई थी। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और आरोपी ने प्रेम संबंध और शादी का वादा किया। एक होटल में ले जाकर उसने जबरदस्ती की और इसके बाद भी कई बार मिलने के लिए बुलाकर शोषण करता रहा।

पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।