2 करोड़ की साइबर ठगी: खातों को किराए पर देने वाला आरोपी गिरफ्तार, मास्टरमाइंड फरार

कवर्धा। साइबर ठगी के एक बड़े मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी नामदेव साहू को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर 2 करोड़ की ऑनलाइन ठगी में संलिप्त रहने का आरोप है। नामदेव हाथीडोम गांव का निवासी है और वह साइबर ठगों को अपने बैंक खाते किराए पर देता था। इसके बदले उसे 10% कमीशन मिलता था।

पुलिस जांच में सामने आया है कि नामदेव के नाम पर आईसीआईसीआई बैंक में एक करंट अकाउंट है, जिसमें अभी भी 70 लाख रुपये से अधिक की रकम जमा है। पुलिस ने सतर्कता बरतते हुए इस खाते को होल्ड कर लिया है, जिससे आरोपी राशि निकाल नहीं सका।

मास्टरमाइंड सत्या दुबे अब भी फरार

इस ठगी के पीछे असली मास्टरमाइंड सत्या दुबे बताया जा रहा है, जो लोहारा थाना क्षेत्र के कुरुआ गांव का निवासी है। फिलहाल वह फरार है और पुलिस लगातार उसकी तलाश में दबिश दे रही है।

गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ देश के 16 राज्यों में कुल 56 केस दर्ज हैं। वह फर्जी वेबसाइट्स और फिशिंग लिंक के ज़रिए आम लोगों को ठगने का काम करता था।

पुलिस ने क्या कहा?

पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र छवाई ने बताया, “यह कार्रवाई साइबर अपराध के खिलाफ हमारी गंभीरता और प्रतिबद्धता का हिस्सा है। मामले की जांच जारी है और गिरोह में शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।”