रायपुर की साईं ड्रीम सोसाइटी में दिल दहला देने वाली घटना: 6वीं मंजिल से कूदकर युवती ने दी जान, बॉयफ्रेंड से विवाद की आशंका
रायपुर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार-बुधवार देर रात एक 27 वर्षीय युवती ने 6वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना अमलीडीह स्थित साईं ड्रीम सोसाइटी की है, जहां जसविंदर कौर नामक युवती अपनी सहेली के साथ किराए के फ्लैट में रह रही थी।
घटना का CCTV फुटेज आया सामने
पुलिस के अनुसार, देर रात करीब 12 बजे जसविंदर बिना कुछ कहे छत पर चली गई और कुछ देर टहलने के बाद नीचे कूद गई। तेज आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन युवती की मौके पर ही मौत हो गई। सिर पर गहरी चोट लगने के कारण घटनास्थल पर खून फैल गया।

भिलाई की रहने वाली थी जसविंदर
जसविंदर मूलतः भिलाई के डबरापारा की निवासी थी और पिछले कुछ समय से रायपुर में रह रही थी। उसके पिता का निधन हो चुका है और मां विशाखापट्टनम में रहती हैं। वह मेकअप आर्टिस्ट के रूप में काम करती थी, लेकिन फिलहाल किसी कार्य में सक्रिय नहीं थी।
बॉयफ्रेंड से विवाद की आशंका, जांच जारी
पुलिस को शुरुआती जांच में यह पता चला है कि जसविंदर का हाल ही में अपने बॉयफ्रेंड से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। यह आत्महत्या उसी मानसिक दबाव का परिणाम हो सकती है। पुलिस ने उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और कॉल डिटेल्स व चैट की जांच की जा रही है।

पुलिस जुटी जांच में, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। युवती की मां को सूचना दे दी गई है। फिलहाल परिजनों की स्थिति बेहद खराब है। पुलिस उसके दोस्त, सहेली और अन्य परिचितों से भी पूछताछ कर रही है।
