सिक्किम में लैंडस्लाइड से सेना के 3 जवान शहीद, पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश और बाढ़ से तबाही

रविवार शाम 7 बजे सिक्किम में भारी बारिश के बाद एक मिलिट्री कैंप भूस्खलन (लैंडस्लाइड) की चपेट में आ गया। इस हादसे में सेना के 3 जवानों की मौत हो गई है, जिनके शव बरामद कर लिए गए हैं। चार अन्य लोगों को मलबे से जिंदा निकाला गया है और उन्हें मामूली चोटें आई हैं। फिलहाल 6 जवान अब भी लापता हैं। उनका सर्च ऑपरेशन जारी है।

सेना ने सोमवार को जानकारी दी कि जिन जवानों के शव मिले हैं, उनकी पहचान हवलदार लखबिंदर सिंह, लांस नायक मनीष ठाकुर और पोर्टर अभिषेक लखाड़ा के रूप में की गई है।

वहीं सिक्किम के लाचेन और लाचुंग में फंसे 1,000 से ज्यादा पर्यटकों को भी आज रेस्क्यू किया गया। राज्य में 30 मई से लगातार भारी बारिश हो रही है।

 पूर्वोत्तर में भारी तबाही

सिक्किम सहित पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में बीते 4 दिनों से तेज बारिश, बाढ़ और लैंडस्लाइड का कहर जारी है। अब तक इस आपदा में कुल 37 लोगों की जान जा चुकी है:

  • असम: 10 मौतें

  • अरुणाचल प्रदेश: 9 मौतें

  • मिजोरम: 5 मौतें

  • मेघालय: 6 मौतें

  पिछली त्रासदी की याद ताजा

सिक्किम में अक्टूबर 2023 में बादल फटने के बाद तीस्ता नदी में अचानक आई बाढ़ से 18 लोगों की मौत हुई थी और 98 लोग लापता हो गए थे, जिनमें 22 जवान भी शामिल थे।

  सेना और राहत दल तैनात

पूर्वोत्तर राज्यों में राहत और बचाव कार्यों के लिए सेना, एयरफोर्स और असम रायफल्स की टीमें तैनात की गई हैं।

  • असम: 3.64 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। ब्रह्मपुत्र और बराक सहित 10 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।

  • मणिपुर: 19,000+ लोग प्रभावित, 3,365 घर क्षतिग्रस्त।

  • त्रिपुरा: 10,000 से ज्यादा लोग प्रभावित।

  • मिजोरम: 30 मई से अब तक लैंडस्लाइड की 211 घटनाएं दर्ज, 2 जून को स्कूल बंद रखने का आदेश।

  देश के अन्य हिस्सों में भी अलर्ट

  • राजस्थान: 30 जिलों में बारिश का अलर्ट

  • मध्य प्रदेश: 50 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

  • बिहार: वैशाली में तेज आंधी और बारिश से घर गिरने से 60 वर्षीय महिला की मौत। 9 जिलों में अलर्ट जारी।