आरंग में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कृषि संकल्प अभियान की शुरुआत की, योजनाओं की सौगातों से ग्रामीणों को मिला लाभ
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आरंग विधानसभा के ग्राम भैंसा में आयोजित विकसित कृषि संकल्प अभियान और सुशासन तिहार के संवाद से समाधान शिविर में भाग लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत 10 जागरूकता रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 29 मई से 12 जून तक पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 110 हितग्राहियों को पक्के मकानों की चाबी सौंपी। उन्होंने बताया कि राज्य में अब तक 18 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं और शेष पात्र परिवारों को जल्द ही आवास प्लस प्लस योजना से जोड़ा जाएगा।

ग्राम भैंसा और आसपास के क्षेत्रों के लिए मुख्यमंत्री ने कई विकास कार्यों की घोषणाएं कीं। इनमें शामिल हैं:
-
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए ₹75 लाख
-
हाईस्कूल भवन के निर्माण हेतु ₹75 लाख
-
पानी टंकी और पाइपलाइन विस्तार के लिए ₹55 लाख
-
हायर सेकेंडरी स्कूल के लिए ₹50 लाख
-
अहाता और शेड निर्माण के लिए ₹20 लाख
-
ग्राम अमोदी में पाइपलाइन विस्तार हेतु ₹42 लाख
-
तीन अतिरिक्त कक्षों के निर्माण के लिए ₹24 लाख
इसके साथ ही ग्राम भैंसा में नई पुलिस चौकी खोले जाने की भी घोषणा की गई।

समाधान शिविर में मुख्यमंत्री ने विभिन्न हितग्राहियों से योजनाओं के क्रियान्वयन का फीडबैक भी लिया। चंदन नामक हितग्राही ने ‘महतारी वंदन योजना’ के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए बताया कि वह योजना की राशि का उपयोग अपने बच्चों की पढ़ाई और आवश्यक जरूरतों में करती हैं।
इस मौके पर मुख्यमंत्री के साथ केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, मंत्री टंकराम वर्मा, विधायक अनुज शर्मा, विधायक गुरु खुशवंत साहेब, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल समेत कई जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में अधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
