हर घर हरियाली अभियान में निभाएंगे अपनी भागीदारी शहर के एन.जी.ओ.
रायपुर, 14 जुलाई 2022 : जन सहभागिता से सघन वृक्षारोपण को बढ़ावा देने रायपुर जिला प्रशासन के मार्गदर्शन एवं महापौर एजाज़ ढेबर के निर्देश में आयोजित हो रहे “हर घर हरियाली“ अभियान के जरिए स्वयं सेवी एवं सामाजिक संस्थाएं अपनी भागीदारी देंगी। नगर निगम उद्यानिकी विभाग के प्रमुख सुरेश चन्नावार ने आज शहर के एन.जी.ओ. की बैठक लेकर सभी को इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में सहयोग की अपील की। इस दौरान अपर आयुक्त सुनील चंद्रवंशी भी साथ थे।

नगर निगम सभाकक्ष में एनजीओ पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए उद्यानिकी प्रमुख सुरेश चन्नावार ने कहा कि 18 जुलाई से आयोजित हो रहे सघन वृक्षारोपण कार्यक्रम में संपूर्ण नगर निगम क्षेत्र में 2 लाख पौधे रोपित करने की शुरूआत की जाएगी। इसके तहत सभी जोन अपने अधीनस्थ वार्ड के हर घर में वृक्ष लगाने प्रेरित करने निःशुल्क पौधे उपलब्ध कराएगा। अपने शहर को सुंदर एवं हरीतिमा युक्त बनाने में हर नागरिक की भूमिका होती है। अतः “हर घर हरियाली“ कार्यक्रम के तहत नगर निगम हर नागरिकों को पौधे भेंटकर यह अपेक्षा कर रहा है कि इन पौधों की देखरेख कर इसे जीवन देकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान देंगे।

अपर आयुक्त सुनील चंद्रवंशी ने बताया कि नगर निगम के जोन से संपर्क कर कोई भी व्यक्ति रोपण हेतु पौधे निःशुल्क प्राप्त कर सकता है एवं एन.जी.ओ. के सहयोग से जोन की टीम पौधे प्रदान करने घरों तक भी जाएगी।
एन.जी.ओ. पदाधिकारियों ने इस पुनीत कार्य में सक्रिय सहभागिता एवं जन जागरूकता के लिए कार्य करने का संकल्प दोहराया।
