छत्तीसगढ़ के 7 जिलों में यलो अलर्ट, अगले 48 घंटे में मौसम बदलने के आसार

छत्तीसगढ़ के 7 जिलों – बेमेतरा, बिलासपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कोरबा और मुंगेली – के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं 19 जिलों में हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं।

तापमान में उतार-चढ़ाव की संभावना

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले दो दिनों में तापमान में 2 डिग्री की गिरावट हो सकती है। इसके बाद पारा फिर से चढ़ेगा और 2 से 3 डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।

वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर

रविवार को वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम के कारण बस्तर संभाग के कुछ हिस्सों में तेज बारिश हुई। कोंडागांव में आंधी-बारिश के साथ ओले गिरे। कई घरों के छप्पर उड़ गए और सड़कों पर पानी भर गया।

रायपुर में गर्मी बरकरार

राजधानी रायपुर में आज धूप और छांव का मिला-जुला मौसम रहेगा। अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री रहने का अनुमान है। रविवार को दिन का तापमान 39.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री अधिक था। वहीं रात का तापमान 25.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से 0.9 डिग्री ज्यादा था।

बिलासपुर में राहत, पारा सामान्य से नीचे

बिलासपुर में रविवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3 डिग्री कम था। इस कारण लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। रात का न्यूनतम तापमान 24.7 डिग्री रहा। अगले दो दिनों में तापमान में और गिरावट की संभावना है।

सरगुजा संभाग में हल्की बारिश, गिरा पारा

सरगुजा संभाग के कुछ हिस्सों में रविवार को हल्की बारिश दर्ज की गई। अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री रहा, जो सामान्य से 3 डिग्री कम था। रात का पारा 21.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से थोड़ा अधिक रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *