रायपुर नगर निगम के पास 124 करोड़ बकाया टैक्स वसूलने के लिए केवल 10 दिन

रायपुर नगर निगम के पास 124 करोड़ बकाया टैक्स वसूलने के लिए केवल 10 दिन बचे हैं। 31 मार्च तक 302 करोड़ टैक्स वसूलने का टारगेट है, लेकिन अब तक निगम 174 करोड़ ही वसूल कर पाया है। अब अंतिम समय में टैक्स वसूली की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।

टैक्स वसूली को लेकर अधिकारी फिल्ड पर उतरकर बड़े बकायादारों से वसूली कर रहे हैं। जिन बकायादारों ने नोटिस जारी होने के बावजूद टैक्स जमा नहीं किया, उनके खिलाफ संपत्ति कुर्क करने और प्रापर्टी सील करने की कार्रवाई की जा रही है।

यहां की गई सीलिंग की कार्रवाई
गुरुवार को निगम जोन 5 की टीम ने अर्बन कार वॉश नामक बड़े बकायादार द्वारा टैक्स का भुगतान नहीं किए जाने पर सीलिंग की कार्रवाई की। अधिकारी ने बताया कि रामदुलारी अग्रवाल पर 13 लाख रुपए टैक्स बकाया था। नोटिस जारी होने के बाद भी टैक्स का भुगतान नहीं किया गया, जिसके बाद संपत्ति को सील किया गया।

स्कूल को दिया गया नोटिस
नगर निगम जोन 8 ने महर्षि वेद व्यास विद्या मंदिर स्कूल को साल 2023-24 के बकाया टैक्स का भुगतान करने के लिए 3 दिनों का समय दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, यदि निर्धारित समय में भुगतान नहीं किया गया, तो अंतिम नोटिस के बाद बड़ी कार्रवाई की जाएगी।

संपत्ति कुर्की का नोटिस जारी
नगर निगम उपायुक्त अंजली शर्मा ने बताया कि बड़े बकायादारों को डिमांड बिल जारी किए गए हैं। यदि इसके बावजूद टैक्स जमा नहीं किया जा रहा है, तो उन पर डिमांड नोटिस जारी किए जा रहे हैं। इसके बाद भी अगर भुगतान नहीं किया जाता है, तो संपत्ति सील करने और कुर्क करने का नोटिस जारी किया जा रहा है। अंजली शर्मा ने उम्मीद जताई कि अगले 10 दिनों में निगम अपना टारगेट पूरा कर लेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed