महासमुंद जिले में ट्रक और इको वैन की आमने-सामने टक्कर, डेढ़ साल की बच्ची, 3 की मौत, 6 घायल

छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के कोमाखान थाना क्षेत्र में मंगलवार रात को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। ट्रक और इको वैन के बीच आमने-सामने की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हैं। यह सभी लोग एक ही परिवार से थे और शादी समारोह से लौट रहे थे।

जानकारी के मुताबिक, हादसा सुअरमाल-टेमरी मार्ग पर हुआ। मृतकों में डेढ़ साल की बच्ची खुशी साहू, जोहन साहू और पूनम साहू शामिल हैं। घायलों को महासमुंद अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से दो बच्चों की हालत नाजुक है और उन्हें रायपुर रेफर किया गया है।

पुलिस ने बताया कि इको वैन (CG 04 PJ 1696) टेमरी से बागबाहरा की ओर जा रही थी, जबकि ट्रक (MH 40 AK 2648) बागबाहरा से ओडिशा की तरफ जा रहा था। तेज रफ्तार ट्रक ने इको वैन को सामने से टक्कर मारी, जिससे वैन के परखच्चे उड़ गए। हादसे में बच्ची और एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पूनम साहू ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।

घटना के बाद, राहगीरों ने एम्बुलेंस और पुलिस को सूचित किया। सभी घायलों का इलाज चल रहा है।