भिलाई में कार गैरेज में आग, 6 कारें जलकर खाक
दुर्ग जिले के भिलाई नगर थाना इलाके के सेक्टर-10 बी मार्केट स्थित एक कार गैरेज में आग लग गई, जिससे बाहर खड़ी 6 कारें जलकर खाक हो गईं। हालांकि, फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पा लिया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, यह कार गैरेज ऐजाज़ अहमद का है। वह 18-19 मार्च की रात को गैरेज बंद कर घर चला गया था। गैरेज के बाहर नई कारें खड़ी थीं, जिनमें से एक में आग लग गई। आग ने धीरे-धीरे 6 कारों को अपनी चपेट में ले लिया।
जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही एक फायर ब्रिगेड टीम को तुरंत मौके पर भेजा गया। आग काफी बड़ी थी और मार्केट एरिया में फैल रही थी, जिसके बाद दूसरी फायर ब्रिगेड गाड़ी भी भेजी गई। कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है, पुलिस इसकी जांच कर रही है।
