राजनांदगांव में महिला दिवस पर पहला महिला थाना खुला: विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने किया उद्घाटन
March 8, 2025 Yogesh Katre
राजनांदगांव। महिला दिवस के मौके पर जिले में पहला महिला थाना खोला गया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने फीता काटकर नए महिला थाना का उद्घाटन किया। इस नए थाने की शुरुआत से महिलाओं को अपनी समस्याएं आसानी से और बेझिझक तरीके से रखने का मौका मिलेगा।
जिला एसपी मोहित गर्ग ने उप निरीक्षक गीतांजली सिन्हा को नए महिला थाने के प्रभारी के रूप में जिम्मेदारी सौंपी है। महिला संबंधित अपराधों की गंभीरता से जांच और कार्यवाही को सही दिशा में पूरा करने के उद्देश्य से महिला थाना की शुरुआत की गई है। महिला थाने में 1 प्रभारी, 2 महिला प्रधान आरक्षक, 3 महिला आरक्षक और 1 नगर सैनिक तैनात किए गए हैं।
महिला थाना का उद्देश्य है कि महिलाओं की शिकायतों की बेहतर ढंग से सुनवाई हो और अपराध पंजीबद्ध किए जाएं, जिससे उन्हें न्याय मिल सके। इस अवसर पर डॉ. रमन सिंह ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। साथ ही, महिला दिवस के अवसर पर डॉ. रमन सिंह ने महिला सम्मान और सशक्तिकरण की दिशा में महिला बाईक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

