छत्तीसगढ़ में मौसम में उलटफेर, अगले दो दिन बस्तर और सरगुजा संभाग में हल्की बारिश की संभावना

छत्तीसगढ़ में मौसम में उलटफेर का दौर जारी है। मौसम विभाग ने आगामी 20 से 22 फरवरी तक बस्तर, बिलासपुर और सरगुजा संभाग के जिलों में बारिश की संभावना जताई है। कल (गुरुवार) से कुछ जिलों में न्यूनतम तापमान में गिरावट हो सकती है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है, जबकि अधिकतम तापमान स्थिर बना हुआ है। मंगलवार को जगदलपुर प्रदेश में सबसे गर्म रहा, जहां दिन का तापमान 34.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं अंबिकापुर प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 12.7 डिग्री दर्ज किया गया। रायपुर में भी पारा सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा रहा, जहां दिन का तापमान 34.2 डिग्री और रात का तापमान 19.4 डिग्री था।

बिलासपुर में भी तेज धूप रही, और यहां अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक था। रात का तापमान 18.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक था।

सरगुजा संभाग में भी तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, लेकिन मौसम विभाग के अनुसार कल से यहां रात के तापमान में गिरावट आने की संभावना है। मंगलवार को सरगुजा संभाग के जिलों में अधिकतम तापमान 31 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक था।