छत्तीसगढ़ पंचायत चुनाव: सूरजपुर में मारपीट, रायपुर में बीजेपी विधायक के भाई के पर्चे बांटने का आरोप, पुरुषों ने 27.32% और महिलाओं ने 27.84% वोट डाले

छत्तीसगढ़ में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण में 53 ब्लॉकों की ग्राम पंचायतों में सुबह 6:45 बजे से वोटिंग जारी है। 11 बजे तक पुरुषों ने 27.32% और महिलाओं ने 27.84% वोट डाले हैं, जिससे वोटिंग की औसत 27.68% रही। इस दौरान सूरजपुर के जयनगर के महाबीरपुर में मतदान के दौरान मारपीट की घटना सामने आई है।

बताया जा रहा है कि बूथ क्रमांक 7 के पंच प्रत्याशी जाहिदा खातून ने फर्जी वोटिंग के शक में विनय गुप्ता को पीटा। वहीं रायपुर के आरंग के भैंसा मतदान केंद्र पर बीजेपी विधायक गुरु खुशवंत साहेब के भाई सौरभ के फोटो वाले पर्चे बांटे जाने का आरोप भी लगा है। एक महिला मतदानकर्मी के पास ये पर्चे देखे गए, जिस पर जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी वेदराम मनहरे ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए सवाल उठाए हैं और सौरभ के पक्ष में वोट डलवाने का दावा किया है।

वहीं कांकेर में 15 मिनट लेट से वोटिंग शुरू होने के कारण मतदाता नाराज नजर आए। अभनपुर के टीला में पंचायत चुनाव में दूल्हा तेजराम चक्रधारी ने मतदान किया।

कहां कितने प्रतिशत मतदान हुआ?

  • जगदलपुर ब्लॉक में 11 बजे तक 41.7% वोटिंग
  • दरभा ब्लॉक में 30.06% वोटिंग
  • लोरमी के मस्तूरी विकासखंड में 23.10% वोटिंग (पुरुष 21.71%, महिला 24.52%)
  • रायगढ़ में 27.12% वोटिंग
  • पुसौर में 24.49% वोटिंग
  • कुल वोटिंग 25.77% रही