बस्तर में नक्सलियों का खूनी आतंक, 18 दिनों में 10 लोगों की हत्या से दहशत

बस्तर। छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में नक्सलियों ने खौफ का माहौल पैदा कर दिया है। पिछले 18 दिनों (5 से 23 दिसंबर) में बीजापुर, दंतेवाड़ा और सुकमा जिलों में नक्सलियों ने 10 लोगों की निर्मम हत्या कर दी। इन हत्याओं में 3 भाजपा कार्यकर्ता और 1 आंगनबाड़ी सहायिका भी शामिल हैं। बीते दिन ही माओवादियों ने बीजापुर और दंतेवाड़ा जिलों में 4 लोगों को पुलिस की मुखबिरी का आरोप लगाकर मौत के घाट उतार दिया। बीजापुर के रेड्डी गांव में युवक मुकेश को बाजार से अगवा कर उसकी हत्या कर दी गई, जबकि कोरचोली में जनअदालत लगाकर लखमू पोटाम और एक अन्य युवक को मारा गया।

दंतेवाड़ा जिले के गुफा गांव में माओवादियों ने घर में घुसकर सामनाथ कश्यप नामक युवक की हत्या कर दी। माओवादियों ने इन सभी पर पुलिस के मुखबिर होने का आरोप लगाया। गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद से माओवादियों ने अब तक 1800 लोगों की हत्या की है, जिनमें से अधिकांश वारदातें बीजापुर जिले में हुई हैं। दंतेवाड़ा के ASP आरके बर्मन ने हत्या की पुष्टि करते हुए कहा कि मामलों की जांच जारी है।

नक्सली हमलों से क्षेत्र में दहशत का माहौल है, और स्थानीय लोग डर के साये में जीने को मजबूर हैं।