पूर्व वन मंत्री महेश गागड़ा बने वॉलीबॉल संघ के अध्यक्ष, सत्येंद्र पांडेय और अकरम खान बने वरिष्ठ उपाध्यक्ष
छत्तीसगढ़ वॉलीबॉल एसोसिएशन के नए कार्यकारिणी का गठन रविवार को हुआ, जिसमें सभी पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ। भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष संजय सिंह के मार्गदर्शन में हुए चुनाव में पूर्व वन मंत्री महेश गागड़ा को वॉलीबॉल संघ का नया अध्यक्ष चुना गया। रिटायर डीएसपी सत्येंद्र पांडेय और अकरम खान को वरिष्ठ उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया।
डीएसपी हेमप्रकाश नायक को महासचिव और सुशील गर्ग को कोषाध्यक्ष चुना गया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का कार्यकाल चार साल का होगा। चुनाव के बाद महेश गागड़ा और संजय सिंह ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात की, इस दौरान छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के महासचिव विक्रम सिसोदिया भी मौजूद रहे।
