पर्थ टेस्ट में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 295 रन से मात दी: कंगारू टीम दूसरी पारी में 238 रन पर सिमटी, बुमराह ने 8 विकेट लेकर प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार जीता।

भारत ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पहले टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को 295 रन से हराया और 5 मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। दूसरा टेस्ट 6 दिसंबर से एडिलेड में शुरू होगा।
पर्थ के ऑप्टस स्टेडियम में सोमवार को कंगारू टीम 534 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए अपनी दूसरी पारी में 238 रन पर सिमट गई। इससे पहले, भारत ने 487 रन पर अपनी दूसरी पारी घोषित की थी। भारत ने पहली पारी में 150 रन बनाए थे, जबकि ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी सिर्फ 104 रन पर सिमट गई थी।
यह पर्थ में ऑस्ट्रेलिया की पहली हार थी, जबकि इससे पहले उन्होंने यहां 4 मैच खेले थे और सभी जीते थे। भारत की यह ऑस्ट्रेलिया में अब तक की सबसे बड़ी टेस्ट जीत है, इससे पहले 1977 में मेलबर्न में 222 रन से जीत हासिल की थी।
ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी में जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज ने 3-3 विकेट लिए। ट्रैविस हेड (89) ने अर्धशतक लगाया। बुमराह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, जिन्होंने पहली पारी में 5 विकेट झटके थे।