खरगोन/भोपाल, 09 मई 2023 : मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में अनियंत्रित बस के पुल से नीचे गिरने के हादसे में मरने वालों की संख्या 22 हो गई है। वहीं लगभग 30 यात्री घायल हुए हैं। इस मामले की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए गए हैं। वहीं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मृतकों के परिजनों और घायलों को आर्थिक सहायता के साथ उपचार के इंतजाम के निर्देश दिए है।
जानकारी के अनुसार श्रीखंडी से इंदौर की तरफ बस जा रही थी, तभी यह अनियंत्रित होकर डोंगरगांव-दसंगा के बीच बोराड नदी के पुल से नीचे गिर गई। इस नदी में पानी नहीं था। यह हादसा खरगोन-ठीकरी रोड पर दसंगा के पास हुआ। इस हादसे में 22 यात्रियों की मौत हुई है। यह हादसा मंगलवार की सुबह लगभग साढ़े आठ बजे हुआ।
जिला प्रशासन के अनुसार इस हादसे में 22 की मौत हुई है उनमें 9 पुरुष, 9 महिलाएं और तीन बच्चे हैं। घायलों की संख्या 30 है। सभी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। बस नदी पर बने पुल की रेलिंग को तोड़ते हुए लगभग 50 फुट नीचे जा गिरी। इसमें बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई और ग्रामीणों और बस में ही सवार लोगों ने राहत व बचाव कार्य शुरु किया।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने खरगोन में हुई बस दुर्घटना पर अपनी संवेदनाएं और दुख व्यक्त किया है। साथ ही मृतकों के परिवारजनों को चार लाख रुपए की सहायता राशि, गंभीर रूप से घायलों को 50 हजार, कम एवं साधारण घायलों को 25 हजार और दुर्घटना में घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था मध्यप्रदेश सरकार द्वारा की जाएगी।