अनुकंपा नियुक्ति शिक्षाकर्मी कल्याण संघ की महिलाओं का किया सम्मान

रायपुर, 07 मार्च 2023 : उत्कल समाज महिला प्रमुख और भाजपा नेत्री सावित्री जगत ने होली के अवसर पर महिला दिवस की पूर्व संध्या अनुकंपा नियुक्ति शिक्षाकर्मी कल्याण संघ की महिलाओं से मुलाकात कर उनकी जायज मांगों का समर्थन करते हुए उनके 132 दिनों से अधिक समय तक जारी संघर्ष की सराहना करते हुए महिला दिवस की पूर्व संध्या पर संघर्षशील आंदोलनरत बहनों का श्रीफल और पुष्प माला से सम्मान किया और उनके संघर्ष को महिलाओं के लिए प्रेरणा बताया।

महिला दिवस की पूर्व संध्या पर 132 दिन से अधिक के संघर्ष को बताया प्रेरणा – सावित्री
सावित्री जगत ने कहा कि महिला दिवस पर इन संघर्षशील बहनों के सम्मान से बड़ा सम्मान और कोई नहीं हो सकता। यह दुःखद हैं कि 132 दिन से अधिक बीत चुके हैं अनुकम्पा नियुक्ति की बंट जोह रही बहनों के साथ छत्तीसगढ़ सरकार अन्याय कर रही हैं। यह दुःखद है कि छत्तीसगढ़ में इन बहनों का दुःख समझने का समय तक आत्ममुग्ध कांग्रेस सरकार के पास नहीं है और न ही कोई सहानुभूति है। यदि सरकार संवेदनशील होती तो कल के बजट में इन संघर्षशील बहनों के लिए सहानुभूतिपूर्वक घोषणा करती, परंतु निराशा ही देखने को मिली। उन्होंने कहा जिस प्रदेश में मातृशक्ति को अपना केश त्यागना पड़े उसके बाद भी न्याय न मिले तब सरकार से क्या उम्मीद की जा सकती है।
