बस्तर दौरे पर आएंगे बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, आमसभा को करेंगे संबोधित…
रायपुर , 7 फरवरी 2023 : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 11 फरवरी को छ्त्तीसगढ़ के बस्तर आएंगे। वे जगदलपुर में आमसभा को संबोधित करेंगे। साथ ही इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करने पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे।
पिछले कुछ दिनों से राजनीतिक पार्टी के दिग्गज नेता छत्तीसगढ़ के विभिन्न मुख्य विधानसभा क्षेत्रों का दौरा भी कर रहे हैं। राजनीतिक दृष्टिकोण से अगर देखा जाए तो कोई भी राजनीतिक पार्टी बस्तर की सारी 12 विधानसभा सीटों को जीत जाए तो सत्ता का रास्ता आसान होता है। इसलिए सभी पार्टी बस्तर पर ज्यादा फोकस कर रही है।
छत्तीसगढ़ में बस्तर का राजनीतिक इतिहास काफी दिलचस्प रहा है। एक समय में यहां भाजपा के बलिराम कश्यप और कांग्रेस के महेंद्र कर्मा इन दोनों दिग्गज नेताओं का बड़ा नाम था। हालांकि, इन दोनों के निधन के बाद अब इलाके में कवासी लखमा का दबदबा भी देखने को मिलता है। साल 2011 में बलिराम कश्यप की मौत के बाद बस्तर में भाजपा को बड़ा झटका लगा है।
यही वजह है कि कभी बस्तर की 12 विधानसभा सीटों में लगभग 10 सीटों पर अपनी पकड़ बनाने वाली भाजपा का अब सूपड़ा साफ हो गया है। इसी वजह से अब राष्ट्रीय स्तर के भाजपा नेताओं को बस्तर में चिंतन शिविर भी करना पड़ा था।