बसना।
बसना विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह योजना के अंतर्गत सांकरा और गढ़फुलझर में भव्य सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किए गए। दोनों आयोजनों में कुल 57 जोड़े वैदिक रीति-रिवाज एवं मंत्रोच्चार के बीच परिणय सूत्र में बंधे। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक डॉ. संपत अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और नवदंपत्तियों को सुखद वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया।
सांकरा में 37 जोड़ों का हुआ विवाह
सांकरा स्थित समरसता भवन में आयोजित समारोह में 37 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न हुआ। विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कार्यक्रम में पहुंचकर नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं दीं। वे मंच तक सीमित न रहकर स्वयं प्रत्येक जोड़े के पास पहुंचे और शासन की ओर से उपहार भेंट कर अभिभावक की तरह आशीर्वाद दिया।
इस दौरान विधायक भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि एक पिता के लिए कन्यादान से बड़ा कोई दान नहीं होता और बेटियों के हाथ पीले होते देख उन्हें आत्मिक संतोष की अनुभूति हो रही है। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र का हर परिवार उनका अपना परिवार है।
डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद परिवारों को सामाजिक एवं आर्थिक सहयोग देना है। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना से बेटियों का भविष्य संवर रहा है और जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत मिल रही है।
गढ़फुलझर में मंदिर परिसर में गूंजी शहनाइयां
बसना विधानसभा के ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल गढ़फुलझर स्थित मां रामचंडी मंदिर परिसर में भी सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया, जहां 20 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। मंदिर परिसर में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह संपन्न हुआ और पूरे क्षेत्र में शहनाइयों की गूंज सुनाई दी।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक प्रतिनिधि एवं भाजपा नेता रमेश अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह योजना केवल सरकारी योजना नहीं, बल्कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ा सहारा है। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह से फिजूलखर्ची पर रोक लगती है और सामाजिक समरसता को बढ़ावा मिलता है।
कार्यक्रम में मौजूद वधु पक्ष के परिजनों ने राज्य सरकार और विधायक डॉ. संपत अग्रवाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना से आर्थिक बोझ कम हुआ है और बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न हो सका।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में वर-वधू पक्ष के परिजन उपस्थित रहे।