रायपुर ऑपरेशन थिएटर में आग से लोगों की जान बचाने वाले बलराज सिंह समेत 16 पुलिसकर्मियों को “कॉप ऑफ द मंथ” पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
रायपुर: पुलिस विभाग द्वारा “COP OF THE MONTH” पुरस्कार के तहत अक्टूबर माह में विभिन्न पुलिसकर्मियों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। निरीक्षक भावेश गौतम, थाना प्रभारी माना, को उनके सौंपे गए कार्य को समर्पण और समय सीमा में पूरा करने के लिए सराहा गया। थाना आजाद चौक के प्रआर.क्र.09 सियाराम चंदेल को कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने और थाने के अन्य कार्यों में योगदान देने के लिए सम्मानित किया गया। प्रआर.क्र.555 मेलाराम प्रधान और आर.क्र.2663 गुलशन साहू को चोरी के मामलों में आरोपियों से 15 लाख रुपये मूल्य का माल, चाकू, पिस्टल और लोहा कटर की बरामदगी में योगदान देने पर पुरस्कृत किया गया। थाना पुरानी बस्ती के आर.क्र.158 सुनील शुक्ला को निजात अभियान में 40 किलो गांजा बरामद करने और हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी में अहम भूमिका निभाने के लिए सराहा गया।
सउनि नीलमणी साहू और प्रआर.क्र.1290 प्रमोद आडिल को आचार संहिता के दौरान बस स्टैंड भाठागांव में सोने के आभूषण और 12 किलोग्राम सोने की बिस्किट की बरामदगी के लिए सराहा गया। महिला आर.2231 पुष्पा सोनी, यातायात थाना शारदा चौक में उत्तम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए सम्मानित की गईं। थाना सिविल लाइन के निरीक्षक रोहित मालेकर को सौंपे गए कार्यों को समय पर और मेहनत से पूरा करने पर सम्मानित किया गया।
एसीसीयू के आर.क्र.1733 अमित घृतलहरे और आर.क्र.511 संजय मरकाम को थाना तिल्दा क्षेत्र में हत्या के मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मानित किया गया। थाना मौदहापारा के आर.क्र.1982 बलराज सिंह को मेकाहारा हॉस्पिटल के ऑपरेशन थिएटर में आग लगने पर लोगों की जान बचाने में सहायता करने के लिए सराहा गया। थाना गोबरा नवापारा के आर.क्र.1248 जगेश्वर रात्रे को लंबित शिकायतों का निपटारा करने और नई गुंडा फाइल खोलने के लिए प्रशंसा मिली।
थाना मंदिर हसौद के सउनि चंद्रहास वर्मा और प्रआर.क्र.366 ऐश्वर्य मारकण्डे को निजात अभियान में 170 किलो गांजा जप्त करने और आरोपियों की गिरफ्तारी में योगदान देने के लिए पुरस्कृत किया गया। इन सभी पुलिसकर्मियों को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायपुर द्वारा प्रषस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
अक्टूबर माह में निलंबित किए गए कर्मचारियों की जानकारी भी दी गई। प्रआर.क्र.139 लीलाराम ध्रुव, थाना आजाद चौक, को ड्यूटी से अनुपस्थित रहने और शराब पीकर ड्यूटी पर उपस्थित होने के कारण निलंबित कर दिया गया। थाना टिकरापारा के प्रआर.क्र.1279 महेश नेताम को गंभीर शिकायतों के कारण रक्षित केन्द्र रायपुर भेजा गया। तीन अन्य कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय जांच की गई, जिसके परिणामस्वरूप उनकी वेतन में कमी की गई।
