15 नवप्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों ने रायपुर नगर निगम मुख्यालय का किया दौरा, स्मार्ट सिटी योजनाओं और लोककल्याणकारी कार्यक्रमों पर की चर्चा

रायपुर – आज रायपुर जिला कलेक्टर एवं नगर निगम प्रशासक डॉ. गौरव कुमार सिंह के निर्देश पर 15 नवप्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों ने रायपुर नगर निगम मुख्यालय, महात्मा गांधी सदन का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने नगर निगम आयुक्त और रायपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के प्रबंध संचालक अबिनाष मिश्रा से मुलाकात की और रायपुर शहर में चल रही लोककल्याणकारी योजनाओं और स्मार्ट सिटी पहल पर चर्चा की।

नवप्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों ने नगर निगम के तृतीय तल सभाकक्ष में स्मार्ट सिटी अधिकारियों द्वारा प्रस्तुत किए गए पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन को देखा। इस प्रेजेंटेशन में रायपुर के प्रसिद्ध नालंदा और तक्षशिला लाइब्रेरी परिसर के सफल संचालन के बारे में जानकारी दी गई। अधिकारियों ने इन लाइब्रेरी परिसरों के प्रशासनिक संचालन से संबंधित जानकारी ली, जो छत्तीसगढ़ राज्य के युवाओं के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने में सहायक साबित हो रही हैं।

इसके अलावा, नगर निगम आयुक्त और स्मार्ट सिटी एमडी अबिनाष मिश्रा से चर्चा करते हुए नवप्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों ने रायपुर शहर में सफाई और अन्य लोककल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर विस्तार से जानकारी प्राप्त की। सभी अधिकारियों ने नगर निगम और रायपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के कार्यों की सराहना की और उनका समर्थन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *