मुंगेली में विकास कार्यों का निरीक्षण करने पहुंचे डिप्टी सीएम अरुण साव, निर्माण में गुणवत्ता और समय-सीमा का पालन करने के निर्देश

प्रवेश द्वार, स्विमिंग पूल, नालंदा परिसर और नगर पालिका भवन के निर्माण कार्यों की ली जानकारी, विधायक धरमलाल कौशिक भी रहे मौजूद

मुंगेली। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने 2 नवंबर को मुंगेली नगर पालिका क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन प्रवेश द्वार, स्विमिंग पूल, नालंदा परिसर और नगर पालिका भवन पहुंचकर कार्यों की प्रगति और वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं। निरीक्षण के दौरान विधायक धरमलाल कौशिक भी मौजूद रहे।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सबसे पहले साइंस कॉलेज के पास नवागढ़ रोड पर निर्माणाधीन प्रवेश द्वार का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से निर्माण की प्रगति की जानकारी ली और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने स्विमिंग पूल और नालंदा परिसर के निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए और तय समय-सीमा में काम पूरा कराया जाए।

इसके बाद डिप्टी सीएम ने नगर पालिका भवन के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से कार्य की स्थिति की जानकारी लेते हुए कहा कि निर्माण में अनावश्यक विलंब और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी अधिकारी कार्यों की नियमित निगरानी करें और निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए परियोजनाओं को समय पर पूर्ण कराएं।

निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव कर्मा माता मंदिर भी पहुंचे। यहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर छत्तीसगढ़वासियों के सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने प्रदेश की निरंतर उन्नति और प्रगति के लिए भी प्रार्थना की।

डिप्टी सीएम के इस निरीक्षण के दौरान विकास कार्यों की प्रगति, निर्माण की गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा के पालन पर विशेष जोर रहा।