मुकुंदपुर-बलसोत्ता के बीच बनेगा 120 मीटर लंबा पुल, 5.22 करोड़ स्वीकृत

एमसीबी। मुकुंदपुर से बलसोत्ता को जोड़ने वाले कोड़िया नाला पर बहुप्रतीक्षित वृहद पुल के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। बुधवार को कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कोड़िया नाला के समीप विधिवत भूमिपूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत बनने वाले इस 120 मीटर लंबे पुल के निर्माण पर 522.08 लाख रुपये की लागत आएगी। इस परियोजना से क्षेत्र के ग्रामीणों को लंबे समय से चली आ रही आवागमन की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

भूमिपूजन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस दौरान जनपद पंचायत खड़गवां की अध्यक्ष श्याम बाई मरकाम, उपाध्यक्ष विरेन्द्र सिंह करियाम, जिला पंचायत सदस्य रामजीत लकड़ा एवं प्रिया मसराम, मुकुंदपुर सरपंच विजय सिंह और जनपद सदस्य सीतावंती सहित जिला प्रशासन एवं पंचायत तथा ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

बरसात में आवागमन की समस्या से मिलेगी राहत

मुकुंदपुर-बलसोत्ता मार्ग पर स्थित कोड़िया नाला बारिश के मौसम में आसपास के गांवों के लिए आवागमन की बड़ी चुनौती बन जाता है। जलस्तर बढ़ने के कारण स्कूली बच्चों, मरीजों, किसानों और रोजमर्रा के काम से आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई बार लोगों को घंटों इंतजार करने या लंबा वैकल्पिक रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ता है।

पुल का निर्माण पूरा होने के बाद इस समस्या से स्थायी राहत मिलने की उम्मीद है। इससे सालभर निर्बाध आवागमन संभव होगा और मुकुंदपुर, बलसोत्ता सहित आसपास के दर्जनों गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय, बाजार, स्कूलों और स्वास्थ्य केंद्रों से बेहतर होगा। किसानों को अपनी कृषि उपज मंडियों तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी। वहीं, आपातकालीन परिस्थितियों में एंबुलेंस और अन्य जरूरी वाहनों की आवाजाही भी सुगम हो सकेगी।

व्यापार और विकास गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा

नए पुल से क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर होने के साथ व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की संभावना है। ग्रामीणों ने पुल निर्माण के लिए भूमिपूजन होने पर खुशी जताते हुए कहा कि इससे बरसात के दिनों में होने वाली वर्षों पुरानी परेशानी दूर होगी।

प्रशासन की ओर से निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा कराने का भरोसा दिलाया गया है। पुल के निर्माण से क्षेत्रीय संपर्क व्यवस्था मजबूत होने के साथ ग्रामीण विकास को भी नई दिशा मिलने की उम्मीद है।