अभियंता दिवस पर विश्वेश्वरैया को श्रद्धांजलि, रायपुर में हुआ पुष्पांजलि कार्यक्रम
रायपुर। भारतरत्न और महान अभियंता मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की 166वीं जयंती के अवसर पर राजधानी रायपुर में अभियंता दिवस मनाया गया। सिविल लाइंस स्थित पीडब्ल्यूडी चौक पर विश्वेश्वरैया की प्रतिमा स्थल पर नगर निगम के संस्कृति विभाग के तत्वावधान और जोन-4 के सहयोग से पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ एवं कनिष्ठ अभियंताओं ने पहुंचकर महान अभियंता को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम में नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौड़, सेवानिवृत्त वरिष्ठ आईएएस अधिकारी इंदिरा मिश्रा, संस्कृति विभाग के अध्यक्ष अमर गिदवानी, संयुक्त अभियंता आयोजन समिति के संयोजक डॉ. एम.एल. अग्रवाल और संरक्षक पी.एन. सिंह मौजूद रहे। आयोजन में वरिष्ठ अभियंता सी.पी. शर्मा, मनोज वर्मा और योगेश शर्मा, वास्तुविद सी.एस. पिल्लेवार, छत्तीसगढ़ राज्य पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के सेवानिवृत्त अधीक्षण अभियंता पी.एन. खरे, रायपुर विकास प्राधिकरण के सेवानिवृत्त अधीक्षण अभियंता डी.एस. परोहा सहित विभिन्न विभागों के अभियंता शामिल हुए।
इसके अलावा छत्तीसगढ़ राज्य नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालय के मुख्य अभियंता राजेश शर्मा, नगर निगम रायपुर के अधीक्षण अभियंता राजेश राठौर, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता राजेश नशीने सहित राजधानी के अनेक अभियंताओं ने विश्वेश्वरैया की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया।
वरिष्ठों के अनुभव से सीखने की अपील
इस अवसर पर नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने कहा कि देश, छत्तीसगढ़ और रायपुर के विकास में अभियंताओं की भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रही है। बुनियादी ढांचे के निर्माण से लेकर शहरों के विकास तक अभियंताओं ने अपनी तकनीकी दक्षता और अनुभव के माध्यम से महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अभियंताओं के पास वर्षों के कार्य अनुभव के साथ व्यवहारिक ज्ञान का बड़ा भंडार है। युवा और कनिष्ठ अभियंताओं को वरिष्ठों के अनुभव से सीखने और उनके मार्गदर्शन का लाभ लेने की आदत विकसित करनी चाहिए। इससे वे तकनीकी दक्षता के साथ व्यवहारिक समझ भी हासिल कर सकेंगे।
राठौड़ ने कहा कि अभियंताओं का काम केवल निर्माण और तकनीकी कार्यों तक सीमित नहीं है। विभिन्न विभागों में प्रतिदिन आम नागरिक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचते हैं। ऐसे में बेहतर तकनीकी ज्ञान के साथ विनम्र व्यवहार और जनसमस्याओं को समझने की क्षमता भी जरूरी है। वरिष्ठों से सीख लेकर युवा अभियंता अपने कार्यक्षेत्र में अधिक प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं।
स्वास्थ्य जांच और रक्तदान शिविर का शुभारंभ
अभियंता दिवस के अवसर पर संयुक्त अभियंता आयोजन समिति की ओर से प्रतिमा स्थल के पास निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं रक्तदान शिविर भी लगाया गया। नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने रक्तचाप की जांच करवाकर शिविर की शुरुआत की।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य अभियंताओं के योगदान को याद करने के साथ सामाजिक सरोकारों को भी आयोजन से जोड़ना था। स्वास्थ्य परीक्षण और रक्तदान जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।
