छत्तीसगढ़ के तीन राज्य प्रशासनिक अधिकारियों के IAS बनने की राह साफ

DPC की बैठक में अभिषेक अग्रवाल, सचिन भूतड़ा और राजीव पांडे के नामों पर होगा विचार

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य प्रशासनिक सेवा के तीन अधिकारियों को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में पदोन्नति मिलने की संभावना है। IAS अवार्ड के लिए अधिकारियों के नामों पर विचार करने विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की बैठक दिल्ली में प्रस्तावित है। इस बैठक में राज्य के मुख्य सचिव विकास शील और सामान्य प्रशासन विभाग के प्रभारी सचिव मुकेश बंसल शामिल होंगे।

DPC की बैठक की अध्यक्षता संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) के चेयरमैन डॉ. अजय कुमार करेंगे। बैठक में राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की सेवा अवधि, पात्रता, सेवा रिकॉर्ड और अन्य निर्धारित मानकों की समीक्षा के बाद IAS कैडर में शामिल किए जाने को लेकर निर्णय लिया जाएगा।

तीन नामों पर सबसे ज्यादा चर्चा

इस प्रक्रिया में अभिषेक अग्रवाल, सचिन भूतड़ा और राजीव पांडे के नाम प्रमुखता से सामने आ रहे हैं। जानकारी के अनुसार इस वर्ष राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को IAS में पदोन्नति देने के लिए कुल पांच पद उपलब्ध हैं।

हालांकि, दो अधिकारियों से संबंधित कुछ प्रकरणों के चलते इस बार उनके नामों पर पदोन्नति की संभावना कम बताई जा रही है। ऐसी स्थिति में उपलब्ध पदों में से तीन पर अभिषेक अग्रवाल, सचिन भूतड़ा और राजीव पांडे की पदोन्नति का रास्ता साफ हो सकता है।

सेवा रिकॉर्ड और पात्रता के आधार पर होगा फैसला

DPC की बैठक में अधिकारियों के नामों पर अंतिम निर्णय निर्धारित नियमों और पात्रता मानकों के आधार पर लिया जाएगा। सेवा रिकॉर्ड सहित अन्य आवश्यक पहलुओं की समीक्षा के बाद ही IAS अवार्ड को लेकर औपचारिक निर्णय होगा। बैठक के बाद यह स्पष्ट होगा कि राज्य प्रशासनिक सेवा के किन अधिकारियों को इस बार भारतीय प्रशासनिक सेवा में पदोन्नति मिलती है।