छत्तीसगढ़ के आत्मानंद स्कूलों में 1812 पदों पर भर्ती
छत्तीसगढ़ के आत्मानंद स्कूलों में 1812 पदों पर भर्ती, सहायक शिक्षक के सबसे ज्यादा पद; अक्टूबर में होगी परीक्षा
रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। प्रदेश के सेजेस स्कूलों में शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक पदों पर संविदा भर्ती की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने भर्ती को लेकर विज्ञापन जारी कर दिया है।
इस भर्ती अभियान के तहत कुल 1812 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें शिक्षकों के साथ-साथ प्रयोगशाला सहायक, ग्रंथपाल और अन्य पद भी शामिल हैं। लंबे समय से भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।
सहायक शिक्षक के 590 पद
जारी भर्ती विवरण के अनुसार सबसे ज्यादा 590 पद सहायक शिक्षक के हैं। इसके अलावा विभिन्न विषयों में व्याख्याता स्तर के कुल 515 पद रखे गए हैं।
अन्य पदों में प्रयोगशाला सहायक के 170, व्याख्याता वाणिज्य के 104, अंग्रेजी शिक्षक के 106, ग्रंथपाल के 60, व्यायाम शिक्षक के 50 और कंप्यूटर शिक्षक के 40 पद शामिल हैं।
अंग्रेजी माध्यम में होगी कंप्यूटर आधारित परीक्षा
चयन प्रक्रिया इस बार जिला स्तर पर अलग-अलग भर्ती के बजाय राज्य स्तर पर केंद्रीकृत कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) के जरिए पूरी की जाएगी। परीक्षा का माध्यम अंग्रेजी रहेगा।
परीक्षा अक्टूबर 2026 के अंतिम सप्ताह में आयोजित किए जाने की संभावना है। अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन का लिंक सितंबर महीने में लोक शिक्षण संचालनालय के आधिकारिक पोर्टल पर जारी किया जाएगा।
भर्ती प्रक्रिया सुप्रीम कोर्ट में लंबित SLP (C) के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगी।
पहली बार केंद्रीकृत चयन प्रक्रिया पर जोर
अब तक आत्मानंद स्कूलों में भर्ती की प्रक्रिया जिला स्तर पर कलेक्टर की अध्यक्षता वाली समितियों के माध्यम से होती थी। कई जगहों पर गूगल फॉर्म अथवा सीधे आवेदन लेकर चयन किया जाता था।
नई व्यवस्था में पूरी प्रक्रिया को राज्य स्तर पर केंद्रीकृत किया गया है। इसके तहत एक समान परीक्षा के माध्यम से अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। इससे अलग-अलग जिलों में बनने वाली मेरिट सूची, भर्ती प्रक्रिया में होने वाली देरी और चयन को लेकर उठने वाले विवादों को कम करने का प्रयास किया गया है।
पारदर्शिता और तेजी से चयन पर फोकस
कंप्यूटर आधारित परीक्षा के जरिए चयन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और तेज बनाने की दिशा में कदम उठाया गया है। केंद्रीकृत परीक्षा होने से सभी अभ्यर्थियों के लिए एक समान चयन व्यवस्था लागू होगी और भर्ती प्रक्रिया को कम समय में पूरा करने में मदद मिलेगी।
अंग्रेजी माध्यम की शैक्षणिक पृष्ठभूमि को प्राथमिकता
संविदा पदों पर नियुक्ति के लिए संबंधित विषय में अंग्रेजी माध्यम से शैक्षणिक पृष्ठभूमि रखने वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दिए जाने की बात कही गई है। सेजेस स्कूलों की अंग्रेजी माध्यम की शैक्षणिक व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए चयन प्रक्रिया में इस पहलू को महत्वपूर्ण माना गया है।
आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के बाद अभ्यर्थी पदवार योग्यता, आयु सीमा, आवेदन शुल्क, परीक्षा पैटर्न और अन्य शर्तों की विस्तृत जानकारी विभागीय विज्ञापन में देख सकेंगे।
