भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव: पाकिस्तान ने भारत पर एयरबेस हमलों का आरोप, शहबाज शरीफ ने देश को संबोधित करने का किया ऐलान

पाकिस्तान के डिप्टी पीएम और विदेश मंत्री इशाक डार ने शनिवार को अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से बातचीत में कहा कि अगर भारत अपनी कार्रवाई को रोक लेता है, तो पाकिस्तान भी ऐसा ही करेगा। वहीं, भारत से बढ़ते तनाव के बीच पीएम शहबाज शरीफ ने देश की जनता को संबोधित करने का फैसला किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक वे आज शाम टीवी पर देश को संबोधित करेंगे।

पाकिस्तानी सेना ने आज सुबह दावा किया कि भारत ने शोरकोट में रफीकी एयरबेस, चकवाल में मुरीद एयरबेस और रावलपिंडी में चकलाला कैंट पर बड़ा हमला किया है। इसके जवाब में उन्होंने भारत के 10 ठिकानों पर हमला करने का दावा किया। इसमें पंजाब में ब्रह्मोस मिसाइल स्टोरेज फैसिलिटी, उरी सप्लाई डिपो, राजस्थान का सूरतगढ़ एयरफील्ड, आदमपुर में S-400 सिस्टम, देहरंग्यारी में आर्टिलरी पोजीशन और पठानकोट एयरफील्ड शामिल हैं।

पाकिस्तान से जुड़े आज के बड़े अपडेट्स:

  • पाकिस्तान का भारत के 10 जगहों पर बड़े हमले करने का दावा

  • डिप्टी पीएम बोले- भारत को जवाब देने के अलावा कोई विकल्प नहीं था

  • पाकिस्तान ने भारत पर 3 एयरबेस पर हमला करने का आरोप

  • पाकिस्तान में अमेरिकी मिशन ने कर्मचारियों की आवाजाही पर रोक लगाई

  • पाकिस्तान का दावा- POK में 13 लोगों की मौत

  • पाकिस्तान ने घरेलू क्रिकेट टूर्नामेंट सस्पेंड किए

  • पाकिस्तान का एयरस्पेस कल दोपहर तक बंद

  • रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने भारत के हमले में केवल एक कार को नुकसान पहुंचने का दावा किया