छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में जवानों ने 2 नक्सलियों को मार गिराया है। इनमें एक महिला और एक पुरुष नक्सली शामिल हैं। दोनों के शव बरामद कर लिए गए हैं, लेकिन पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। इस मुठभेड़ के बाद अब तक 2025 में 83 नक्सली ढेर हो चुके हैं। यह मुठभेड़ किस्टाराम थाना क्षेत्र में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह से पुलिस और नक्सलियों के बड़े लीडर्स के बीच मुठभेड़ चल रही है। दोनों तरफ से रुक-रुककर फायरिंग हो रही है। बताया जा रहा है कि किस्टाराम इलाके में कोबरा, DRG और जिला बल के करीब 500 जवानों ने नक्सलियों को घेर रखा है।
इससे पहले 9 फरवरी को जवानों ने बीजापुर में 31 नक्सलियों को मार गिराया था। इन 31 नक्सलियों के शवों को रिकवर कर लिया गया था। मुठभेड़ में 2 जवान भी शहीद हुए थे। यह मुठभेड़ बीजापुर के इंद्रावती नेशनल पार्क इलाके में हुई थी, और इसे इस साल का सबसे बड़ा नक्सल ऑपरेशन माना गया।
2 फरवरी को बीजापुर जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र में भी मुठभेड़ हुई थी, जिसमें 8 नक्सली मारे गए थे। मारे गए नक्सलियों में सभी पुरुष थे। सुरक्षाबलों ने इस ऑपरेशन में करीब 800-1000 जवानों के साथ PLGA कंपनी नंबर 2 के नक्सलियों को घेर लिया था, जिनमें बड़े लीडर्स भी शामिल थे।
इसके अलावा, 20-21 जनवरी को गरियाबंद जिले के जंगल में 80 घंटे तक चले एक ऑपरेशन में 16 नक्सली मारे गए थे। इनमें से 12 नक्सलियों पर कुल 3 करोड़ 16 लाख रुपए का इनाम घोषित था। मारे गए नक्सलियों में सेंट्रल कमेटी के सदस्य चलपति भी शामिल थे, जिस पर 90 लाख रुपए का इनाम था।
2025 में अब तक 83 नक्सली मारे जा चुके हैं, जिनमें से 65 बस्तर संभाग में मारे गए हैं, जिसमें बीजापुर सहित 7 जिले शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, 2024 में अलग-अलग मुठभेड़ों में 217 नक्सलियों को मार गिराया गया था।