छत्तीसगढ़ में बनेंगे 38 ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’, तेलीबांधा में हाथों में मशाल लेकर निकले सीएम विष्णु देव साय

रायपुर: प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में शासन प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में राजधानी रायपुर में ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ एवं ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के जिला मुख्यालयों सहित कुल 38 स्थानों पर ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ के निर्माण की बड़ी घोषणा की। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा चौक को भी ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ के रूप में विकसित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ये संकल्प चौक जनसेवा, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प के प्रतीक बनेंगे।

मशाल लेकर निकले सीएम, बाइक रैली को दिखाई हरी झंडी इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर से तेलीबांधा चौक तक आयोजित ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का नेतृत्व मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने खुद हाथों में मशाल लेकर किया। उन्होंने युवाओं और नागरिकों की विशाल बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

25 वर्षों का सेवाकाल: राष्ट्र निर्माण की प्रेरक गाथा मुख्यमंत्री ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को श्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी। लगभग 13 वर्ष गुजरात के मुख्यमंत्री और 12 वर्ष से अधिक समय से देश के प्रधानमंत्री के रूप में उनका 25 वर्षों का निरंतर सेवाकाल सुशासन और राष्ट्रहित का उदाहरण है।

छत्तीसगढ़ अंजोर विजन @2047 से संवरेगा प्रदेश मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में प्रदेश की प्रगति से जुड़े प्रमुख बिंदुओं को रेखांकित किया:

  • छत्तीसगढ़ अंजोर विजन @2047: वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए राज्य सरकार ने विजन डॉक्यूमेंट के जरिए विकास का रोडमैप तैयार किया है।

  • डेढ़ करोड़ आशीर्वाद के दीये: 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे एक माह के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत प्रदेशवासियों ने डेढ़ करोड़ से अधिक दीये जलाकर पीएम मोदी की दीर्घायु की कामना की।

  • वैश्विक पटल पर छत्तीसगढ़: विदेश मंत्रालय द्वारा ‘Singapore-India Network for Growth (SING) Forum-2026’ में भागीदारी के बाद सिंगापुर के निवेशकों के साथ प्रदेश में तकनीक, कौशल और उद्योग के नए अवसर बन रहे हैं।

कार्यक्रम में सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, विधायक श्री सुनील सोनी, श्री मोतीलाल साहू, श्री पुरंदर मिश्रा, श्री अनुज शर्मा, श्री इंद्र कुमार साहू सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।