17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान
17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान, एक माह तक जिलेभर में होंगे जनभागीदारी के कार्यक्रम
रायपुर, 11 सितंबर 2026। जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल ने जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में अभियान की तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार सभी कार्यक्रम समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा, नेतृत्व और समर्पण की यात्रा के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ विकसित भारत-2047 के संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित न रहे, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी दिखाई दे।
गांव से शहर तक होंगे कार्यक्रम
बैठक में निर्देश दिए गए कि सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रम जिला मुख्यालय के साथ-साथ जनपद पंचायत, तहसील, नगर पंचायत, प्रमुख कस्बों और ग्राम पंचायत स्तर पर भी आयोजित किए जाएं। जनप्रतिनिधियों के साथ सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों, शिक्षण संस्थानों, स्व-सहायता समूहों, युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और अन्य सामाजिक वर्गों को अभियान से जोड़ा जाएगा।
प्रभारी मंत्री ने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से लाभान्वित लोगों के अनुभवों को सामने लाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं से नागरिकों के जीवन में आए वास्तविक बदलावों को ‘सेवा की कहानी’ के रूप में संकलित कर आम लोगों तक पहुंचाया जाए। ऐसी प्रेरक कहानियां दूसरे पात्र लोगों को भी सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित करेंगी।
तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने दी जानकारी
प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ अनुपमा आनंद ने बैठक में अभियान की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में आवश्यक तैयारियां अंतिम चरण में हैं। जनभागीदारी बढ़ाने के लिए विभिन्न स्तरों पर बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं और दिनवार एवं तिथिवार कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जा रही है।
अभियान के बेहतर संचालन के लिए विभिन्न विभागों में नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर कार्यक्रमों से संबंधित व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। बैठक में जिला स्काउट एवं गाइड संघ के अध्यक्ष ऐतराम साहू, वनमंडलाधिकारी श्रीनिवास एन.टी. सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
‘आशीर्वाद का दीया’ से होगा अभियान का आगाज
सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत 17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के साथ होगी। इसके जरिए नागरिकों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा यात्रा के प्रति आभार व्यक्त करने और विकसित भारत-2047 के संकल्प से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
जिले के प्रमुख धार्मिक, आस्था, ऐतिहासिक, पुरातात्विक, विरासत और सार्वजनिक महत्व वाले स्थलों पर भी विशेष गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने की तैयारी है।
बच्चों की कल्पना में दिखेगा विकसित भारत
17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक शासकीय और निजी स्कूलों में ‘मेरे सपनों का भारत’ पहल के तहत ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इनमें विकसित भारत की परिकल्पना और प्रधानमंत्री की 25 वर्षों की सेवा यात्रा को विषय बनाया जाएगा।
विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रस्तुतियों को प्रदर्शनी के जरिए प्रदर्शित किया जाएगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
नुक्कड़ नाटकों से बताएंगे योजनाओं का असर
‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ पहल के माध्यम से नुक्कड़ नाटक और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों के जरिए सरकारी योजनाओं, सेवा कार्यों और योजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलावों को सरल और प्रभावी तरीके से आम जनता तक पहुंचाया जाएगा।
आंगनवाड़ी केंद्रों में होगा ‘आंगन मिलन सेवा’
25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक जिले के आंगनवाड़ी केंद्रों में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें माताओं और बच्चों की सहभागिता के साथ आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान पोषण, मातृ सहायता, टीकाकरण तथा महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी भी लोगों को दी जाएगी।
‘सेवा की कहानी’ में सामने आएगी बदलाव की तस्वीर
अभियान में सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के वास्तविक अनुभवों को प्रमुखता से सामने लाने की योजना है। इसके लिए ‘सेवा की कहानी’ के तहत हितग्राहियों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव और सफलता के अनुभवों को संकलित किया जाएगा।
इन प्रेरक गाथाओं को विभिन्न माध्यमों से लोगों तक पहुंचाया जाएगा, ताकि दूसरे पात्र नागरिक भी सरकारी योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाने के लिए आगे आएं।
‘सेवा ज्योति यात्रा’ से मजबूत होगा जनसंकल्प
विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प को मजबूत करने और 25 वर्षों की जनसेवा यात्रा के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए ‘सेवा ज्योति यात्रा’ सहित विभिन्न जनभागीदारी यात्राएं आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों के जरिए गांव से जिला स्तर तक नागरिकों को अभियान से जोड़ने पर जोर रहेगा।
सेवा गतिविधियों में नागरिकों की भागीदारी
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाली ‘सेवा मेरा योगदान’ पहल में आम नागरिकों और विभिन्न संस्थाओं को सेवा कार्यों से जोड़ा जाएगा। नदी और घाटों की स्वच्छता के अलावा अन्य जनहितकारी गतिविधियों में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, युवाओं, महिलाओं, स्व-सहायता समूहों और नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
‘सरकार आपके द्वार’ के जरिए योजनाओं का लाभ
‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत विधानसभा और विकासखंड स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में पात्र नागरिकों को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देने के साथ उन्हें संबंधित योजनाओं से जोड़ने और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
कई अन्य गतिविधियां भी होंगी आयोजित
सेवा संकल्प अभियान के दौरान विकसित भारत संकल्प यात्रा, जल जन सेवा संकल्प, रंगोली राष्ट्र/भारत मंडल, राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज तथा जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट जैसी विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
जिला प्रशासन का लक्ष्य इन कार्यक्रमों के माध्यम से अभियान को केवल निर्धारित आयोजनों तक सीमित रखने के बजाय व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप देना है, ताकि सेवा, सुशासन और विकसित भारत के संकल्प को आम नागरिकों से सीधे जोड़ा जा सके।
