इंस्टाग्राम पर शुरू हुआ रिश्ता बना जानलेवा: प्रेमी ने शादी के दबाव में महिला और 8 साल के बेटे की कर दी हत्या
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के अमलेश्वर थाना क्षेत्र अंतर्गत खम्हरिया गांव में एक महिला और उसके 8 वर्षीय बेटे की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कुएं में मिले दोनों के शवों ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। दुर्ग पुलिस ने 48 घंटे के भीतर हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

इंस्टाग्राम पर हुई थी पहचान, फिर बढ़ा रिश्ता
रायपुर निवासी 30 वर्षीय महिला सुनीता चतुर्वेदी (उर्फ पल्लवी) प्राइवेट स्कूल में टीचर थी और अपने बेटे के साथ रहती थी। दो साल पहले उसकी पहचान इंस्टाग्राम के जरिए खम्हरिया गांव के युवक छत्रपाल सिंह सिंगौर से हुई। बातचीत बढ़ी, मुलाकातें शुरू हुईं और फिर दोनों के बीच शारीरिक संबंध भी बन गए।
छत्रपाल ने झूठ बोलते हुए खुद को अविवाहित बताया और शादी का वादा किया। लेकिन इसी दौरान उसने किसी और लड़की से शादी कर ली। जब सुनीता को इस बात का पता चला, तो वह लगातार उस पर शादी के लिए दबाव बनाने लगी।


शादी के दबाव से तंग आकर रची साजिश
छत्रपाल शादी के दबाव में आकर परेशान हो गया था। उसने अपने चचेरे भाई शुभम सिंगौर के साथ मिलकर सुनीता और उसके बेटे को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
18 जून को छत्रपाल ने सुनीता और उसके बेटे को रायपुर से बाइक पर खम्हरिया गांव बुलाया। गांव पहुंचने पर दोनों भाइयों ने सुनीता को समझाने की कोशिश की, लेकिन जब वह नहीं मानी तो खेत में ले जाकर दोनों ने मिलकर गला दबाकर उसकी और उसके बेटे की हत्या कर दी।

साड़ी में लपेटकर शव को बोरी में भरकर फेंका कुएं में
हत्या के बाद दोनों के शवों को साड़ी में लपेटा गया, बोरी में डाला गया और पत्थर बांधकर गांव के दो अलग-अलग कुओं में फेंक दिया गया। 22 जून को जब ग्रामीणों को बदबू आने लगी, तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। अमलेश्वर पुलिस, फोरेंसिक टीम और सीनियर अधिकारी मौके पर पहुंचे और कुओं से महिला और बच्चे के शव बरामद किए।
पुलिस ने कसा शिकंजा, आरोपियों ने कबूला गुनाह
पूछताछ में खम्हरिया निवासी छत्रपाल सिंह पहले टालमटोल करता रहा, लेकिन कड़ाई से पूछने पर उसने जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसने और उसके चचेरे भाई शुभम ने मिलकर हत्या की थी।
रायपुर के सिविल लाइन थाने में महिला और बेटे की गुमशुदगी की रिपोर्ट पहले ही दर्ज थी। परिजनों ने शवों की पहचान की। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या और सबूत मिटाने की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।
