राजनांदगांव: नहाने गया 15 साल का लड़का नदी में डूबा, SDRF ने शव निकाला

राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव थाना क्षेत्र स्थित शिवनाथ नदी में शनिवार को नहाने के दौरान एक 15 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान बालोद जिले के ग्राम कोचेरा, थाना डौंडी लोहारा निवासी देवकुमार चोरिया के रूप में हुई है।
सूचना मिलते ही SDRF की टीम दुर्ग से मौके पर पहुंची। गोताखोरों ने कई घंटे तक गहराई में जाकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। डीप डाइविंग विशेषज्ञ राजकुमार यादव और नरोत्तम चंदेल ने नदी के भीतर खोजबीन शुरू की, जबकि धनीराम यादव ने ऑपरेशन को लीड किया। ओंकार और भूपेंद्र सिंह ने बोट से सर्च अभियान में सहयोग किया।
लगभग 3-4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद देवकुमार का शव बरामद कर बांधकर बाहर निकाला गया और पुलिस को सौंप दिया गया।
डोंगरगांव पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।