छत्तीसगढ़ में बड़ा अवसर: रायपुर में 7 और 8 अक्टूबर को राज्यस्तरीय रोजगार मेला, 8,720 से अधिक पदों पर होगी भर्ती

रायपुर:
प्रदेश के शिक्षित और प्रशिक्षित युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग द्वारा आगामी 07 और 08 अक्टूबर 2026 को दो दिवसीय वृहद राज्यस्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन रायपुर स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, बूढ़ापारा में होगा।
आयोजन के दूसरे दिन (08 अक्टूबर) मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य एवं रोजगार मंत्री माननीय गुरु खुशवंत साहेब की अध्यक्षता में चयनित युवाओं को ऑफर लेटर दिए जाएंगे।
8,720 पदों पर होगी भर्ती
रोजगार मेले के लिए अब तक 36 प्रमुख कंपनियों और प्लेसमेंट संस्थाओं से कुल 8,720 रिक्त पदों की जानकारी मिल चुकी है। इसमें मैन्युफैक्चरिंग, आईटी, बैंकिंग, हेल्थकेयर, ऑटोमोबाइल, सेल्स, कस्टमर सर्विस और सिक्योरिटी जैसे कई क्षेत्र शामिल हैं।
शैक्षणिक योग्यता:
इस मेले में 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा, बी.ई./बी.टेक, कृषि स्नातक (B.Sc. Agri), सामान्य स्नातक और स्नातकोत्तर (MBA/MCA) पास युवा अपनी योग्यता के अनुसार आवेदन कर सकते हैं। क्वेस कॉर्प, रैंडस्टैड, एयरटेल पेमेंट बैंक, सतलज टेक्सटाइल्स जैसी देश की नामी कंपनियां इसमें शामिल हो रही हैं।
ई-रोजगार पोर्टल से करें ऑनलाइन आवेदन
चयन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन शुरू कर दिए गए हैं। इच्छुक युवा छत्तीसगढ़ सरकार के आधिकारिक ई-रोजगार पोर्टल पर जाकर अपनी प्रोफाइल अपडेट कर आवेदन कर सकते हैं: 👉 www.erojgar.cg.gov.in
नियोजक एवं उद्योग संपर्क करें:
मेले में भाग लेने और अपनी रिक्तियां दर्ज कराने के इच्छुक संस्थान विभाग के मोबाइल नंबर 7999385638 और 7000397968 पर संपर्क कर सकते हैं।

