राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से रायपुर पहुंचीं। एयरपोर्ट पर छत्तीसगढ़ी कलाकारों के पारंपरिक नृत्य और भव्य स्वागत के बाद, वे सीधे विधानसभा के लिए रवाना हो गईं।
विधानसभा के ऐतिहासिक 25 साल पूरे
छत्तीसगढ़ विधानसभा के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिसमें राष्ट्रपति मुर्मू विधायकों और मंत्रियों को संबोधित करेंगी। इस ऐतिहासिक अवसर पर कई गणमान्य नेता भी उपस्थित रहेंगे।
रायपुर में ट्रैफिक प्लान में बदलाव
राष्ट्रपति के दौरे को ध्यान में रखते हुए रायपुर में यातायात प्रबंधन में बदलाव किए गए हैं:
रिंग रोड-3 पर भारी वाहनों की एंट्री प्रतिबंधित है।
विधानसभा जाने वाली सड़क दोपहर 2 बजे के बाद आम जनता के लिए खुलेगी।
भव्य स्वागत में जुटे दिग्गज नेता
एयरपोर्ट पर राज्यपाल रामेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, महापौर मीनल चौबे, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, भाजपा नेता सरोज पांडे, गौरीशंकर अग्रवाल, शिवरतन शर्मा सहित कई गणमान्य नेताओं ने राष्ट्रपति का स्वागत किया।
राष्ट्रपति दोपहर 1 बजे तक रायपुर में रहेंगी और इसके बाद दिल्ली रवाना होंगी। उनके इस दौरे को छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक और गौरवशाली पल के रूप में देखा जा रहा है।