प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन दिवसीय दौरे पर श्रीलंका पहुंचे हैं। कोलंबो में श्रीलंकाई राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके से उनकी मुलाकात हुई, जिसमें कई द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा हुई। प्रधानमंत्री मोदी ने खासतौर पर भारतीय मछुआरों की गिरफ्तारी और नावों की रिहाई का मुद्दा उठाया, जिसे मानवता के दृष्टिकोण से देखने पर दोनों देशों की सहमति बनी।
तमिल समुदाय के अधिकारों पर भी PM मोदी ने बात की। उन्होंने उम्मीद जताई कि श्रीलंका सरकार संविधान के 13वें संशोधन को पूरी तरह लागू करेगी, ताकि तमिलों को उनका हक मिल सके।
मोदी को ‘मित्र विभूषण’ सम्मान
श्रीलंकाई राष्ट्रपति ने PM मोदी को ‘मित्र विभूषण’ सम्मान से नवाजा। यह श्रीलंका का गैर-नागरिकों को दिया जाने वाला सर्वोच्च नागरिक सम्मान है। अब तक यह सम्मान महमूद अब्बास, यासिर अराफात और मौमून अब्दुल गयूम को मिला है। PM मोदी चौथे व्यक्ति हैं जिन्हें यह सम्मान मिला।
मोदी ने कहा, “यह सिर्फ मेरा नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान है।” उन्होंने यह भी याद दिलाया कि राष्ट्रपति दिसानायके ने अपनी पहली विदेश यात्रा के लिए भारत को चुना और वे खुद उनके पहले विदेशी मेहमान हैं।
इंडिपेंडेंस स्क्वायर पर हुआ ऐतिहासिक स्वागत
PM मोदी को कोलंबो के इंडिपेंडेंस स्क्वायर पर गार्ड ऑफ ऑनर और तोपों की सलामी दी गई। पहली बार किसी विदेशी नेता का स्वागत इस ऐतिहासिक स्थल पर किया गया। आमतौर पर यह सम्मान राष्ट्रपति भवन या कॉन्फ्रेंस हॉल में होता है।
भारत-श्रीलंका की ऊर्जा साझेदारी: सौमपुरा सौर परियोजना का उद्घाटन
PM मोदी और राष्ट्रपति दिसानायके ने संयुक्त रूप से सौमपुरा सौर ऊर्जा प्रोजेक्ट का वर्चुअल उद्घाटन किया। यह प्रोजेक्ट श्रीलंका के पूर्वी त्रिंकोमाली जिले में NTPC और CEB द्वारा विकसित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य श्रीलंका की ऊर्जा जरूरतें पूरी करना और नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देना है।
इस जगह को लेकर 19 साल से विवाद चल रहा था, क्योंकि यह क्षेत्र पहले LTTE के कब्जे में था। तमिल समुदाय द्वारा कोयला परियोजना के विरोध के बाद अब यह पर्यावरण के अनुकूल सौर परियोजना में बदला गया है।
तीन देशों के बीच त्रिपक्षीय समझौता
भारत, श्रीलंका और UAE के बीच 7 समझौता ज्ञापन (MoU) का आदान-प्रदान हुआ है। यह सहयोग ऊर्जा, समुद्री व्यापार और क्षेत्रीय सुरक्षा जैसे क्षेत्रों को कवर करेगा।
PM मोदी का गर्मजोशी से स्वागत
श्रीलंका पहुंचने पर PM मोदी का स्वागत 6 कैबिनेट मंत्रियों ने किया। बड़ी संख्या में भारतीय समुदाय के लोग भी एयरपोर्ट पर मौजूद थे, जिन्होंने “मोदी-मोदी” के नारों से उनका स्वागत किया।