अंतर राष्ट्रीय महिला दिवस पर नगर निगम रायपुर में महिला अधिकारियों और कर्मचारियों का महापौर श्रीमती मीनल चौबे एवं आयुक्त विश्वदीप ने मंच पर किया सम्मान

“महिलाओं के संकल्प से विकसित होगा रायपुर” – महापौर मीनल चौबे
रायपुर – नगर निगम रायपुर में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन बड़े ही गरिमामय तरीके से किया गया। इस अवसर पर नगर निगम की महिला अधिकारियों एवं कर्मचारियों को महापौर श्रीमती मीनल चौबे एवं आयुक्त श्री विश्दीप ने मंच पर सम्मानित किया।
महापौर मीनल चौबे ने कहा, “नगर निगम की सभी महिला अधिकारी एवं कर्मचारी रायपुर को सुंदर, सुव्यवस्थित और विकसित राजधानी बनाने के लिए पूरी मजबूती के साथ कार्य करें। किसी भी महिला अधिकारी या कर्मचारी को किसी प्रकार का भय नहीं होना चाहिए, क्योंकि मैं स्वयं उनके साथ खड़ी हूं।”
आयुक्त विश्वदीप ने भी सभी महिला अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा, “नगर निगम स्तर पर या शासन स्तर पर आपकी समस्याओं का समाधान करने के लिए हम सदैव तत्पर हैं।”
श्रेष्ठ कार्यों के लिए महिला अधिकारियों का सम्मान
कार्यक्रम में महापौर एवं आयुक्त ने श्रीमती कृष्णा खटीक (प्रभारी अपर आयुक्त), डॉ. अंजली शर्मा, डॉ. दिव्या चंद्रवंशी, डॉ. तृप्ति पाणीग्रही, और श्रीमती राजेश्वरी पटेल (जोन 5 जोन कमिश्नर) को मेडल पहनाकर सम्मानित किया।
इसके साथ ही नगर निगम की महिला कर्मचारियों वंदना जाधव, राजश्री श्रीवास, रोमा तिवारी, रूही आफरीन, स्वाती साहू, शीला शर्मा, रीना पाटले, जयंती दुर्गा, उषा बघेल, मनीषा मेहरकुरे, पुनम भुटानी, मोनिका यादव सहित कई अन्य कर्मचारियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
नगर निगम के कार्यों पर प्रकाश डालती वीडियो प्रस्तुति
कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करने के लिए एक विशेष वीडियो भी प्रस्तुत किया गया, जिसमें नगर निगम रायपुर द्वारा महिलाओं के लिए किए जा रहे कार्यों को दर्शाया गया।
नगर निगम रायपुर अधिकारी कर्मचारी एकता संघ के कार्यकारी अध्यक्ष प्रमोद जाधव ने महापौर एवं आयुक्त का स्वागत करते हुए निगम कर्मचारियों की सुविधाओं एवं आवश्यकताओं पर भी ध्यान देने का अनुरोध किया।
कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन आशीष मिश्रा (पूर्व महाप्रबंधक, रायपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड) ने किया।
महिलाओं की भागीदारी से संवरता रायपुर
यह आयोजन महिला सशक्तिकरण और उनकी भूमिका को मजबूती देने का एक प्रेरणादायक उदाहरण बना। नगर निगम की महिलाओं ने रायपुर को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाने के संकल्प के साथ इस विशेष दिवस को और भी यादगार बना दिया।