धमतरी के नए कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने पदभार संभालने के दूसरे ही दिन सख्त कदम उठाए हैं। वे जिले के 20वें कलेक्टर हैं और शुक्रवार को उन्होंने कलेक्ट्रेट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर मिश्रा ने कार्यालय की व्यवस्थाओं की जांच की, जिसमें कुछ अधिकारी अनुपस्थित पाए गए।
कलेक्टर ने अनुपस्थित अधिकारियों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को समय पर कार्यालय आने की हिदायत दी और कहा कि वे अपने पूरे समय तक कार्यालय में रहें। साथ ही, कार्यालय की सुविधाओं में सुधार करने के लिए आदेश जारी किए गए।
सहायक खनिज अधिकारी का वेतन काटा
निरीक्षण के दौरान सहायक खनिज अधिकारी सुभाष चंद साहू अनुपस्थित पाए गए, जिसके चलते कलेक्टर ने उनका एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया।
कार्यालय में सुधार की दिशा में कदम
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने सभी अधिकारी कर्मचारियों को सोमवार से गुरुवार तक कार्यालय में उपस्थित रहने की सख्त हिदायत दी, ताकि अधिकांश समस्याओं का समाधान तत्काल किया जा सके। इसके अलावा, कलेक्ट्रेट कार्यालय में साफ-सफाई और बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों को दी गई समझाइश
कलेक्टर ने बताया कि पहले निरीक्षण में अनुपस्थित पाए गए अधिकारियों को समझाइश दी गई है। यदि वे फिर से अनुपस्थित पाए गए तो उनके खिलाफ नोटिस जारी किया जाएगा। विदाउट एप्लीकेशन पाए गए अधिकारियों के पेमेंट रोके गए हैं, और कलेक्टर ने यह स्पष्ट किया कि इस प्रकार की लापरवाही को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।